Bihar Crime: मर्डर से दहला बिहार, डॉक्टर की बेरहमी से हत्या, 30 बार चाकुओं से गोदा, शव बांध के पास फेंका
Bihar Crime: बिहार में अपराध का सिलसिला कम होता नहीं दिख रहा है। एक अपराध का अनुसंधान पुलिस कर भी नहीं पाती कि बदमाश दूसरे वारदात को अंजाम दे दे रहे हैं।

Bihar Crime: बिहार में अपराध का सिलसिला कम होता नहीं दिख रहा है। एक अपराध का अनुसंधान पुलिस कर भी नहीं पाती कि बदमाश दूसरे वारदात को अंजाम दे दे रहे हैं। शिवहर के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के बेलहिया वार्ड संख्या 08 में गुरुवार की रात एक भयानक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने देहाती डॉक्टर विजय कुमार उर्फ योगेन्द्र साह (50 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर, शव को बांध के नीचे फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक विजय कुमार महदेवा से मरीज का इलाज कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खोरठा बाजार और बेलहिया के बीच अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उन्हें लगभग 30 बार चाकू से गोदा और उनकी साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर बांध के पास फेंक दिया।
मृतक की पहचान बेलहिया वार्ड 08 निवासी स्व. सोनेलाल शाह के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। वे देहाती डॉक्टर के रूप में क्षेत्र के लोगों की सेवा करते थे और अपने पीछे पत्नी अनीता देवी तथा चार पुत्रों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने बताया, "वे रात 10 बजे इलाज के लिए महदेवा गए थे। घर लौटते समय अपराधियों ने मेरी पूरी दुनिया छीन ली।"
शिवहर SDPO सुशील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जाँच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने योजना बनाकर डॉक्टर पर हमला किया और वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग घटना के बाद सदमे में हैं और पुलिस प्रशासन से अपराधियों को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शिवहर से मनोज की रिपोर्ट