Bihar Weather: पटना समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात से 5 मौतें, उत्तर बिहार में सैलाब का खौफ, दक्षिण में सूखे की मार, नेपाल की बारिश से बाढ़ का खतरा
Bihar Weather: बिहार में मानसून का मिजाज दो अलग-अलग रुख अख्तियार किए हुए है। एक तरफ जहां दक्षिण बिहार के कई जिले सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं, वहीं उत्तर बिहार में कुदरत कहर बनकर बरस रही है। ...
Bihar Weather: बिहार में मानसून का मिजाज दो अलग-अलग रुख अख्तियार किए हुए है। एक तरफ जहां दक्षिण बिहार के कई जिले सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं, वहीं उत्तर बिहार में कुदरत कहर बनकर बरस रही है। आज सुबह-सुबह बगहा, बेतिया, रक्सौल और नालंदा में झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया, तो वहीं गोपालगंज में काले बादलों के डेरे ने घोर अंधेरा कर दिया है।सबसे बड़ा खतरा सरहद पार नेपाल से आ रहा है। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के सबब कोसी नदी उफान पर है, जिससे मैदानी इलाकों में 'तुगयानी' (बाढ़) का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में 'भारी बारिश की चेतावनी' जारी की है।
वज्रपात की चपेट में आने से 5 ने तोड़ा दम
बीते 24 घंटे के भीतर बिहार के अलग-अलग हिस्सों में आसमानी बिजली काल बनकर टूटी है। मौत के इस खौफनाक मंजर में पांच बेगुनाहों की जान चली गई:
समस्तीपुर में ठनका गिरने की जद में आने से 14 वर्षीय मासूम रंजीत कुमार और कारी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 साल का छोटू कुमार बुरी तरह झुलस गया। तो लखीसराय के हलसी में वज्रपात के जोरदार झटके से वाल्मीकि चंद्रवंशी और गिरीश कुमार ने दम तोड़ दिया।गया के शेरघाटी के बेलडीह गांव में स्कूल जा रहा 13 वर्षीय छात्र अंकुश राज आसमानी कहर का शिकार हो गया। इन तमाम हादसों के बाद जिला प्रशासनों ने मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि देने की कागजी प्रक्रिया फौरन शुरू कर दी है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 और 17 जुलाई को लेकर बेहद कड़ी चेतावनी जारी की है। किशनगंज, कटिहार, पश्चिम चंपारण और अररिया में भारी बारिश का कहर टूट सकता है। इसके अलावा सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम व पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी 30 से 40 Kmph की रफ्तार से आंधी के साथभारी बारिश व वज्रपात का अलर्ट बिहार मौसम सेवा केंद्र ने जारी किया है। नालंदा, पटना, वैशाली, गोपालगंज में आसमान में काले बादल की आवाजाही रहेगी वही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मेघगर्जन व ठनका का अलर्ट भी बिहार मौसम सेवा केंद्र ने जारी किया है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक, सूबे में मानसून की रफ्तार अभी भी सुस्त है, जिसके चलते 14 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। पटना और दक्षिण बिहार के आसमान पर बादलों की खेमाबंदी तो रहेगी, लेकिन वहां सिर्फ हल्की फुहारें पड़ने की ही उम्मीद है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मेघगर्जन या कड़कने की आवाज सुनते ही पक्के मकानों की पनाह में चले जाएं और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने की जुर्रत न करें।