Patna police encounter:नेपाल भागने का प्लान फ्लॉप... पटना SSP का बड़ा खुलासा-वर्चस्व की जंग में हुआ था बंटी का मर्डर, खाकी ने सिखाया सबक

Patna police encounter: बंटी यादव मर्डर केस के मुख्य आरोपी बिसिया को लेकर पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने एक बेहद सनसनीखेज खुलासा किया है।...

Patna SSP Bunty Yadav Murder Accused Arrested Before Nepal E
पटना SSP का बड़ा खुलासा- फोटो : reporter

Patna police encounter: बंटी यादव मर्डर केस के मुख्य आरोपी और जरायम की दुनिया के कुख्यात चेहरे रवीश उर्फ बिसिया को लेकर पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने एक बेहद सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस कप्तान के मुताबिक शातिर बसिया हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की पहुंच से दूर सरहद पार नेपाल भागने की फिराक में था। वह गुरुवार तड़के हाजीपुर के रास्ते पटना सिर्फ अपने आकाओं से रकम की उगाही के लिए दाखिल हुआ था। लेकिन पुख्ता इत्तला पर कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने बांस घाट के कच्चे रास्ते पर उसकी घेराबंदी कर दी, जिसके बाद हुए एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी

पटना एसएसपी ने मामले की तहकीकात का हवाला देते हुए बताया कि बंटी यादव और कुख्यात बिसिया के बीच इलाके में वर्चस्व की खूनी जंग चल रही थी।बिसिया हाल ही में शराब तस्करी के मामले में जेल की हवा खाकर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद बिसिया के जेहन में यह वहम बैठ गया था कि बंटी यादव की मुखबिरी के कारण ही उसे जेल जाना पड़ा था। इसी तनाव के चलते दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस भी हुई थी, जिसके वैज्ञानिक साक्ष्य पुलिस को मिले हैं।

बिसिया कोई आम अपराधी नहीं है, उसके खिलाफ पटना के अलग-अलग थानों में हत्या, किडनैपिंग और आर्म्स एक्ट के 5 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस कांड में फरार चल रहे अन्य 4 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे एक और घिनौना पहलू सामने आया है। न्यू करबिगहिया के रहने वाले मृतक बंटी यादव के परिजनों का संगीन आरोप है कि बंटी इलाके में चल रहे अवैध सेक्स रैकेट के गंदे धंधे का पुरजोर विरोध करता था, जिससे बसिया का गैंग बौखलाया हुआ था। पटना जंक्शन के पास दूध मार्केट से सरेआम बंटी का अपहरण किया गया था। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस वक्त रहते हरकत में आती, तो बंटी की जान बच सकती थी।इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना जंक्शन स्थित टीओपी  के 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड  कर दिया गया है।

गुरुवार तड़के 3 बजे बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले सुनसान रास्ते पर जब पुलिस टीम ने बसिया को ललकारा, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे जानलेवा हमला कर दिया। अपराधी के कट्टे से निकली एक गोली सीधे कोतवाली थाना प्रभारी  की सरकारी गाड़ी के बोनट को चीरती हुई निकल गई। गाड़ी में सवार जांबाज अफसर और जवान महज कुछ इंच की दूरी से बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर झोंका, जिसने बसिया को घुटनों पर ला दिया। फिलहाल वह पीएमसीएच के कैजुअल्टी वार्ड में पुलिस की सख्त पहरेदारी में है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार