Bihar Weather: बिहार को 'दगा दे' गया मानसून ! 20 जिले सूखे की कगार पर, पटना में गर्मी से हाल बेहाल, जानिए अब कब होगी राहत की बारिश
Bihar Weather: बिहार में मानसून कमजोर पड़ गया है। 20 जिले सूखे की कगार पर हैं। बारिश में 46% की भारी कमी हुई है। वहीं अब विभाग ने तापमान 40 डिग्री पार करने की आशंका जताई है...

Bihar Weather: बिहार में इस साल मानसून दगाबाज निकला। प्रदेश में इसकी स्थिति बेहद कमजोर साबित हुआ। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां लगभग थम चुकी हैं और तापमान में तेज़ी से इज़ाफा देखा जा रहा है। सोमवार को गोपालगंज का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे जुलाई के महीने में भी मई जैसी गर्मी महसूस की जा रही है।
46 प्रतिशत कम हुई बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अब तक राज्य में सामान्य से 46% कम बारिश हुई है। जिससे 20 जिले सूखे की गंभीर स्थिति में पहुंच गए हैं। इन जिलों में सामान्य से 50 से 89% तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं केवल चार जिलों में ही बारिश सामान्य के आसपास रही है। गया ऐसा एकमात्र जिला है जहां सामान्य से 32% अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि मंगलवार को गया, नवादा समेत पूर्वी बिहार के सात जिलों में आकाशीय बिजली और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन इसका व्यापक असर नहीं दिखेगा। अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
मानसून का ड्राई स्पेल शुरु
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है। जिससे राज्य में वर्षा लगभग रुक गई है। इसके कारण मानसून का "ड्राई स्पेल" शुरू हो चुका है, जो फिलहाल कब तक जारी रहेगा यह स्पष्ट नहीं है। बता दें कि, बिहार में जुलाई और अगस्त के महीने आमतौर पर बाढ़ की आशंका लेकर आते हैं, लेकिन इस बार तस्वीर उलट है। 20 जिले सूखे की चपेट में हैं, जबकि शेष 18 जिलों में से 14 में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। इस बदले मौसम ने जहां आम लोगों को भीषण गर्मी का सामना करने पर मजबूर किया है। वहीं किसानों की चिंता और गहरा गई है। धान रोपनी जैसे प्रमुख कृषि कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। जिससे खेती पर संकट मंडरा रहा है।