Bihar Weather: बिहार में तपती धरती, जलती हवा, गर्मी का प्रकोप तेज, 14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी, लोगों को दोपहर में घर से न निकलने की सलाह

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का सिलसिला लगातार जारी है और तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।...

Bihar Weather Heatwave Intensifies 14 Districts on Alert Sta
बिहार में झुलसाती गर्मी से हाहाकार!- फोटो : social Media

Bihar Weather:  बिहार में भीषण गर्मी का सिलसिला लगातार जारी है और तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में लू का प्रकोप सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, वरना हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। पटना का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डेहरी में 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक गर्मी रिकॉर्ड की गई।

अन्य जिलों में भी तापमान काफी अधिक रहा कैमूर में 44.3डिग्री सेल्सियस, गयाजी में 42.4डिग्री सेल्सियस, बक्सर में 42.1 डिग्री सेल्सियस, अरवल में 40.4 डिग्री सेल्सियस और छपरा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इन इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।गयाजी सहित कई क्षेत्रों में लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है और दोपहर के समय बाजारों में भी भीड़ कम हो गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

बीते 24 घंटों में उत्तर बिहार के कुछ जिलों जैसे मधुबनी, दरभंगा, मधेपुरा और खगड़िया में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मधुबनी के झंझारपुर में सबसे अधिक 95.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे वहां मौसम कुछ हद तक ठंडा हुआ। वहीं दूसरी ओर सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, शेखपुरा, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है, हालांकि 26 मई के आसपास कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। भागलपुर में तेज हवाएं भी दर्ज की गईं, जहां हवा की रफ्तार 59 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई।

वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय राज्य में दो अलग-अलग मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं एक तरफ पश्चिम और दक्षिण बिहार में शुष्क पछुआ हवाएं गर्मी बढ़ा रही हैं, जबकि दूसरी ओर उत्तर-पूर्वी जिलों में नमी युक्त हवाओं के कारण बादल और बारिश की स्थिति बन रही है।इस टकराव के कारण पूरे राज्य में मौसम का असमान पैटर्न देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सख्त सलाह दी है।