Bihar Weather: बिहार में अगले 72 घंटे भारी! 15 से 17 मार्च तक होगी झमाझम बारिश, तेज आंधी और व्रजपात का भी अलर्ट, जानिए मौसम विभाग की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज बदल चुका है। कई जिलों में तेज हवाएं और हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 15 से 17 मार्च तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। किशनगंज में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी पटना में ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य का मौसम ज्यादातर शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
मार्च में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मार्च महीने में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। गुरुवार को दिन में कड़ी और चुभने वाली धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ा और कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सीमांचल में बदला मौसम
वहीं रात होते-होते सीमांचल के जिलों पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में मौसम अचानक बदल गया। आधी रात से शुक्रवार की सुबह तक इन इलाकों में आंधी, मेघगर्जन और मध्यम बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंडी हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों के दौरान कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
पटना समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, 15 मार्च से मौसम का असर ज्यादा दिखने लगेगा। कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और अच्छी बारिश होने की संभावना है। 16 मार्च को पटना समेत अधिकांश जिलों में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है।
15 से 17 मार्च कर भारी बारिश
15 मार्च को सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल और कटिहार के साथ पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 मार्च को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और जमुई समेत पूर्वी बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है। इन इलाकों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। 17 मार्च को खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर उत्तर बिहार के जिलों में देखने को मिलेगा। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, वैशाली और पूर्णिया समेत उत्तर बिहार के करीब 19 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।