Bihar Weather: बिहार बना 'हॉट चैंबर'! 40 डिग्री के टॉर्चर के बाद अब लू का तांडव, मौसम विभाग ने जारी की बड़ी चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज अब जानलेवा होने लगा है। सूरज की तपिश ने अभी से लोगों का जीना मुहाल कर दिया है और आने वाले दिन और भी डरावने होने वाले हैं। 18 तारीख के बाद पारा 4 डिग्री तक और उछल सकता है

गर्मी
गर्मी का टॉर्चर शुरू- फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में गर्मी ने अपने तेवर तेज कर दिए हैं और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। 

इन जिलों के लिए अलर्ट 

मौसम विभाग के अनुसार, पटना, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, कैमूर, रोहतास (सासाराम), भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर और मुंगेर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, अन्य जिलों में तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

24 घंटे मौसम रहेगा शुष्क 

राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहा। सोमवार को रोहतास के डेहरी में सर्वाधिक तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

18 अप्रैल के बाद और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल के बाद दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा और बक्सर जैसे जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण, ट्रफ लाइनों की स्थिति और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी में कमी आई है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से गर्मी का असर और तेज हो गया है।