Bihar Weather: पटना सहित बिहार के 32 जिलों में बारिश का अलर्ट, रात में गुलाबी ठंड का हो रहा एहसास, मौसम का जल्द बदलेगा मिजाज

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रात में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। जल्द ही ठंड प्रदेश में दस्तक देने वाली है।

गुलाबी ठंड
आज 32 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी सोमवार को राज्य के 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है। हालांकि 7 अक्टूबर के बाद बारिश की दौर थम जाएगा। 

तापमान में गिरावट 

प्रदेश में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। रात में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं, रविवार देर शाम को कोसी बराज से 5 लाख 19 हजार 470 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किए जाने के बाद सुपौल, अररिया और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। किशनगंज में भी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

कैसा रहेगा पटना का मौसम 

राजधानी पटना में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर और शाम के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 6 और 7 अक्टूबर को यही मौसमी स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। दक्षिण बिहार में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश जारी रह सकती है।

बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 8 अक्टूबर के बाद राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा। 11 अक्टूबर को पूरे बिहार में एक भी बूंद बारिश की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है। हालांकि, इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व बिहार और झारखंड के ऊपर 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके अलावा, झारखंड से उत्तर ओडिशा तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके कारण 8 अक्टूबर तक हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद प्रदेश में पूरी तरह मौसम साफ रहेगा।