Bihar Weather: तपते बिहार को राहत या आफत! आंधी-बिजली के साथ बारिश की चेतावनी जारी,19 जिलों के लिए यलो अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ठनके का सिलसिला जारी है।...

Bihar Weather Rain and Thunderstorm Alert Issued for 19 Dist
बिहार में कहीं बारिश-आंधी तो कहीं उमस- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम लगातार करवट ले रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ठनके का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। दोपहर बाद 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पटना में गुरुवार को दिनभर तेज उमस ने लोगों को परेशान किया,  मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण उत्तर-पूर्व बिहार में प्री-मानसून एक्टिव बना हुआ है।मौसम विभाग ने साफ कहा है कि जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है वहां बिजली गिरने और तेज हवा का सबसे ज्यादा खतरा रहेगा। पिछले कुछ दिनों में बिहार के कई हिस्सों में ठनका गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में किसानों, खुले मैदान में काम करने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

आज पटना में मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि दोपहर बाद हल्के बादल दिख सकते हैं। 16 मई को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं 17 मई को फिर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। 18 मई को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन उमस लोगों को परेशान करती रहेगी।

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, रोहतास और गया समेत कई जिलों में तेज धूप और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।