Bihar Weather: बिहार में मौसम का यू-टर्न, इन 5 जिलों में अगले 24 घंटे भारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में मौसम का यू-टर्न देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं के कारण अब भी ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है...

कोहरा
5 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने लगा है। तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। हालांकि धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है। जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि, अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलती रहेगी।

5 जिलों के लिए अलर्ट जारी 

इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के पांच जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह और देर रात विजिबिलिटी काफी कम रहने की आशंका है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य और सुहावना रहेगा। तापमान में 1 से 3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

कई दिनों तक परेशान करेगा कोहरा 

हाल के दिनों में राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा है। कुछ स्थानों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सर्दियों में कोहरा बनने की मुख्य वजह ठंडी हवा, अधिक नमी और हवा की कम रफ्तार होती है। रात में जमीन तेजी से ठंडी होने और हवा में नमी बढ़ने से छोटे-छोटे पानी के कण इकट्ठा होकर कोहरे का रूप ले लेते हैं।

कैसा रहेगा पटना का मौसम 

राजधानी पटना में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा रहने की संभावना है, जबकि दिन में मौसम सामान्य रहेगा और धूप निकलेगी। अगले कुछ दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन में मौसम सुहावना और सुबह-शाम ठंड बनी रह सकती है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 22.5 से 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.3 से 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में और सबसे अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस कैमूर में रिकॉर्ड किया गया। 

सुबह शाम में लग रही ठंड

पटना में अगले एक-दो दिनों तक सुबह और शाम में ठंड बनी रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। रविवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।