Patna Traffic Rule: पटना के इन सड़कों पर लगा 'नो एंट्री' का बोर्ड! आज बदला इन 3 बड़े रास्तों का रूट, जानें क्या है नया ट्रैफिक नियम

Patna Traffic Rule: पटना में आज ट्रैफिक व्यवस्था बदला रहेगा। आज इन 3 रास्तों का रुट बदला रहेगा। ऐसे मे घर से निकलने से पहले आज ट्रैफिक नियम को जान लें...

पटना ट्रैफिक नियम
3 रास्तों पर रुट बदला - फोटो : social media

Patna Traffic Rule: राजधानी पटना में आज ट्रैफिक नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है।  इन 3 बड़े रास्तों पर नो एंट्री का बोर्ड लग गया है। दरअसल, राजधानी की लाइफलाइन कहे जाने वाले बेली रोड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। आज प्रशासन ने सगुना मोड़, हड़ताली मोड़ और बेली रोड के ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव किया है। अब आपको अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए पुराने रास्तों के बजाय नए डायवर्जन का पालन करना होगा। घर से निकलने से पहले जान लीजिए कि प्रशासन ने किन रास्तों को बंद किया है और आपके लिए कौन सा वैकल्पिक रास्ता सबसे बेहतर रहेगा

आज के लिए बदल गया ट्रैफिक नियम 

दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सोमवार को पटना आगमन को लेकर राजधानी में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सुबह 11 बजे से डीटीओ कार्यालय से एयरपोर्ट की ओर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा, जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का कारकेड एयरपोर्ट से निकल नहीं जाता। साथ ही पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

इन रास्तों पर भूल कर भी ना जाएं

डीटीओ कार्यालय से दक्षिण दिशा की ओर से आने वाले सभी वाहन डीटीओ कार्यालय–टमटम पड़ाव–फुलवारी मार्ग होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं उत्तर दिशा से आने वाले वाहन जिला परिवहन कार्यालय से जगदेव पथ के रास्ते आगे बढ़ेंगे। पीर अली पथ में पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक सड़क की दोनों लेन में वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी, जो कारकेड के गुजरने तक प्रभावी रहेगी।

सड़क पर वाहन खड़ा करने पर सख्त कार्रवाई 

एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी के लिए जाने वाले भाजपा नेताओं को अपने वाहन हवाई अड्डा परिसर में निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करने की अनुमति होगी। एयरपोर्ट से निकलने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष कदमकुआं स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास पर जाएंगे। यातायात पुलिस के अनुसार, जगदेव पथ पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। बेली रोड (नेहरू पथ) पर डुमरा टीओपी से आयकर गोलंबर तक यदि वाहनों का दबाव बढ़ता है, तो आम लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

इन रास्तों का करें इस्तेमाल 

कंकड़बाग और पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी और अनीसाबाद गोलंबर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। कारगिल चौक से पश्चिम अशोक राजपथ की ओर राजापुर पुल जाने वाले वाहन जेपी गंगा पथ का उपयोग करेंगे। वहीं एक्जीबिशन रोड से उत्तर गांधी मैदान जाने वाले वाहन रामगुलाम चौक से पूरब की ओर जा सकेंगे।

इन रास्तों पर वैकल्पिक मार्ग का करे प्रयोग 

सगुना मोड़ और दानापुर से हड़ताली मोड़ की ओर आने वाले सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। बेली रोड पर सगुना मोड़/दानापुर से पूरब की ओर आने वाले वाहन दक्षिण दिशा में जगदेव पथ–जिला परिवहन कार्यालय–टमटम पड़ाव–फुलवारी मार्ग से जा सकेंगे। वहीं उत्तर दिशा की ओर जाने वाले वाहन आशियाना-दीघा रोड होते हुए दीघा, कुर्जी, राजापुर पुल और अशोक राजपथ के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।