Patna traffic rules: पटनावासियों हो जाएं सावधान! गलत तरीके से गाड़ी खड़ा करने पर होगी कार्रवाई, अवैध पार्किंग पर सख्ती, दिन-रात चलेगा अभियान

Patna traffic rules: पटना में अब दिन ही नहीं, रात में भी सड़कों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस टोइंग, जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई करेगी।

Patna traffic rules
पटना में अवैध पार्किंग पर सख्ती- फोटो : social media

Patna traffic rules: बिहार की राजधानी पटना में अब सड़कों पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दिन के साथ-साथ अब रात में भी पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सड़कों के किनारे जहां-तहां खड़े वाहनों को जब्त किया जाएगा और उन्हें टो कर थाने लाया जाएगा।

इन वाहनों के मालिकों से जुर्माना वसूला जाएगा, साथ ही टोइंग का खर्च भी देना होगा। अगर इसके बाद भी लोग नियम नहीं मानते हैं, तो वाहन मालिक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जाएगा और उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया जा सकता है।

पांच मिनट से ज्यादा खड़े रहने पर फाइन

दिन के समय नो-पार्किंग जोन में अगर कोई वाहन पांच मिनट से ज्यादा देर तक खड़ा पाया गया तो चालक और वाहन मालिक दोनों पर कार्रवाई होगी।  प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने राजधानी की सड़कों को जाम और अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन को चिन्हित कर वहां नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

इन सड़कों पर रहेगी सबसे ज्यादा सख्ती

अशोक राजपथ, नेहरू पथ, बोरिंग रोड, बैरिया, गांधी मैदान, आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहा, बुद्ध मार्ग से जीपीओ गोलंबर तक अब नो-पार्किंग नियम सख्ती से लागू होंगे। इन मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी। रात में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक जगहों पर खड़ी गाड़ियों को जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से पूरे शहर की रियल-टाइम निगरानी होगी।सीसीटीवी और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरों की मदद से नो-पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और अतिक्रमण पर मौके पर ही चालान काटा जाएगा। गोलंबर से 20 मीटर के दायरे में लगे ठेले और दुकानों का सामान भी हटाया जाएगा।

क्यों जरूरी है यह कार्रवाई

रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहन हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। तेज रफ्तार गाड़ियां खड़े वाहनों से टकरा रही हैं, जिससे जान का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा कई इलाकों में अवैध पार्किंग से रोज जाम की स्थिति बन रही है।

वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था

इस्कॉन मंदिर और बुद्ध मार्ग जाने वाले चारपहिया वाहन तारामंडल के सामने बनी 96 स्लॉट वाली स्मार्ट मल्टी-लेवल पार्किंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। मौर्यलोक आने वाले लोग परिसर के अंदर मौजूद मल्टी-लेवल पार्किंग में वाहन खड़े करें।प्रशासन का साफ कहना है कि राजधानी को जाम, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त करना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।