Bihar News: बिहार को मिलेगा 'इनलैंड वाटर-वेज हब' का तोहफा, अब बनेगा पटना में जहाज, साथ में रिपेयरिंग भी जानिए कब कहां कैसे?
Bihar News: बिहार को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश को इनलैंड वाटर-वेज हब बनेगा। साथ ही अब पटना में ही जहाज बनाए जाएंगे और उनको रिपेयर भी किया जाएगा।

Bihar News: बिहार की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ी पहल की है। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घोषणा की है कि बिहार को इनलैंड वाटरवे हब के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1,390 किलोमीटर लंबे बनारस से हल्दिया तक जलमार्ग को और उन्नत बनाया जाएगा। इसके तहत पटना में दो रो-रो टर्मिनल, गंगा पर जहाजों की मरम्मत और निर्माण केंद्र, और वाटर मेट्रो प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने की घोषणा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, पटना में जहाज रिपेयरिंग सेंटर बनेगा। जहाज निर्माण केंद्र की भी स्थापना होगी। 16 कम्युनिटी जेटी (JT) बिहार में विकसित किए जाएंगे। कालू घाट को अत्याधुनिक जलमार्ग केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बिहार में वाटर मेट्रो परियोजनाओं की शुरुआत होगी। गंगा किनारे बसे 12 जिलों में नए प्रोजेक्ट्स आएंगे और साथ ही जलमार्गों की संभावनाओं की पहचान के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
केंद्र सरकार की तैयारी
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इनलैंड वाटर प्रोजेक्ट्स को उपेक्षित किया लेकिन वर्तमान सरकार ने इस दिशा में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश कर जलमार्ग विकास को गति दी है। इसका परिणाम है कि विभाग ने अब तक 700 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि 2029 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और बिहार इसमें अहम भूमिका निभाएगा।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा आयाम
गंगा के किनारे बसे जिलों में जलमार्ग आधारित कनेक्टिविटी और उद्योगों के विकास से प्रदेश में रोजगार, पर्यटन और व्यापार को नया आयाम मिलेगा। इस घोषणा से यह साफ है कि आने वाले वर्षों में बिहार की सड़कों से ज्यादा जलमार्गों पर ध्यान केंद्रित होगा। जिससे ट्रांसपोर्ट तेज, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा।
पटना वंदना की रिपोर्ट