Bihar Politics: दिल्ली में देर रात हुई बीजेपी की बड़ी बैठक, अमित शाह और नितिन नवीन ने बंद कमरे में की गुफ्तगू, नए सीएम का ऐलान तय!
Bihar Politics: बिहार से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा हाई है। दिल्ली में देर रात बड़ी बैठक हुई है। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और विनोद तावड़े मौजूद थे।
Bihar Politics: बिहार में राजनीतिक हलचल सातवें आसमान पर है। नई सरकार के गठन और सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर कयासों के बाजार गर्म है। इसी बीच देर रात दिल्ली में बड़ी बैठक हुई है। माना जा रहा है कि अब बीजेपी के सीएम का नाम तय हो चुका है बस ऐलान करना ही शेष है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार शनिवार की देर रात गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े के साथ मीटिंग की। बंद कमरे में देर रात यह बैठक हुई है। जिसमें संगठन से जुड़े अन्य नेता भी शामिल थे।
देर रात हुई बड़ी बैठक, सीएम तय
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बिहार में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इससे पहले शुक्रवार को ही विनोद तावड़े ने बिहार बीजेपी के कई प्रमुख नेताओं सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नित्यानंद राय, संजय सरावगी, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी राय जानी थी। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में मिली प्रतिक्रियाओं को विनोद तावड़े ने दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा। इसके आधार पर मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
बीजेपी के पर्यवेक्षक आएंगे बिहार
सूत्रों के मुताबिक, बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए बीजेपी एक या दो वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त कर सकती है। ये पर्यवेक्षक पटना जाकर एनडीए विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। जहां नए मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। खबर मिल रही है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बिहार के लिए पर्यवेक्षक बनाया जा सकता है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नई सरकार का शपथ ग्रहण
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है, जिसे लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को सीएम नीतीश इस्तीफा देंगे। इसके पहले विधायक दल की बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। जो बिहार का अगला सीएम होगा। 15 अप्रैल को गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हो सकता है। बता दें कि नई सरकार के गठन के बाद नीतीश युग का अंत हो जाएगा।
दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट