Bihar News : उत्तराखंड विवाद की आंच बिहार तक ! भाजपा ने राजद शासन की याद दिला तेजस्वी को घेरा, कहा 'शाम को बेटियों के लौटने का बाप को रहता था डर'
Bihar News : उतराखंड के मंत्री के पति के विवादित बयान के बाद सियासी पारा गर्म हैं. भाजपा ने तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया है......पढ़िए आगे
PATNA : उत्तराखंड की मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान पर शुरू हुआ हंगामा अब बिहार की राजनीति के पुराने जख्मों को कुरेदने लगा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा भाजपा पर किए गए हमले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा के प्रदेश संयोजक (राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग) राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव को उनके माता-पिता के शासन काल की याद दिलाते हुए तीखा हमला बोला है।
"गिरेबान में झांककर देखें तेजस्वी"
राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें महिलाओं के सम्मान पर बोलने का कोई नैतिक हक नहीं है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं? जनता ने उन्हें पहले ही नकार दिया है और हार के डर से वे विदेश भाग गए हैं। महिलाओं पर बात करने से पहले उन्हें अपने माता-पिता का शासन काल याद करना चाहिए।"
राजद काल के 'काले अध्यायों' का जिक्र
भाजपा नेता ने राजद शासन (जंगलराज) का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में बेटियां घर से निकलने में डरती थीं और पिता शाम तक उनकी सुरक्षा को लेकर सहमे रहते थे। उन्होंने हमला जारी रखते हुए दो बड़े मामलों का हवाला दिया। कहा की शिल्पी हत्याकांड राजद काल का वह चर्चित मामला है, जिसने पूरे बिहार को दहला दिया था। जबकि चंपा विश्वास कांड का जिक्र कर भाजपा ने राजद को महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा।
"अपनी गिरती शाख बचाएं"
राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव को सलाह दी कि वे पहले भारत लौटें और बिहार में अपनी गिरती हुई राजनीतिक साख को बचाने का प्रयास करें। भाजपा का कहना है कि एक नेता के निजी बयान (जिस पर माफी मांगी जा चुकी है) के आधार पर पूरी पार्टी को कठघरे में खड़ा करने वाले तेजस्वी अपने अतीत की गलतियों को भूल रहे हैं।