बांकीपुर उपचुनाव हारते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का सीधा संदेश, अब बीजेपी करेगी यह काम

संजय सरावगी ने कहा कि यदि अंतिम परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आता है तो भाजपा इसकी विस्तृत समीक्षा करेगी। पार्टी यह जानने का प्रयास करेगी कि बांकीपुर के मतदाता पार्टी से क्यों दूर हुए और किन कारणों से यह स्थिति बनी।

Sanjay Saraogi on Bankipur Bypoll Results
Sanjay Saraogi on Bankipur Bypoll Results- फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll Results : पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने चुनावी फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और भारतीय जनता पार्टी हर फैसले का सम्मान करती है। संजय सरावगी ने कहा, " परिणाम जो भी होगा, भाजपा उसे सिर झुकाकर स्वीकार करेगी। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का निर्णय सर्वोच्च होता है और हमारी पार्टी उसका पूरा सम्मान करती है।"


उन्होंने कहा कि यदि अंतिम परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आता है तो भाजपा इसकी विस्तृत समीक्षा करेगी। पार्टी यह जानने का प्रयास करेगी कि बांकीपुर के मतदाता पार्टी से क्यों दूर हुए और किन कारणों से यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर पूरे चुनाव का विश्लेषण किया जाएगा, ताकि भविष्य में कमियों को दूर किया जा सके।


प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने से पहले और उसके बाद भी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए गए हैं। इसके बावजूद यदि जनता ने अलग फैसला दिया है, तो पार्टी आत्ममंथन करेगी और जनता की अपेक्षाओं को समझने का प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, बांकीपुर क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता बनी रहेगी।


भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रतिष्ठा से इस सीट को जोड़कर पूछे गए सवाल पर संजय सरावगी ने कहा कि पूरे चुनाव परिणाम और परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने रुझानों में आगे चल रहे प्रत्याशी को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।


इस बीच बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। 27वें राउंड की गिनती पूरी होने तक जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। ताजा रुझानों के अनुसार प्रशांत किशोर 55,780 वोट हासिल कर 16,887 मतों से आगे चल रहे हैं। अंतिम परिणाम के लिए अब शेष  4 राउंड की मतगणना का इंतजार है। यहाँ कुल 31 राउंड की गिनती होनी है।

वन्दना की रिपोर्ट