Bihar News: बिहार की महिलाओं को सीएम नीतीश देंगे बड़ा तोहफा, इन रुटों के लिए आज से शुरु होगी पिंक बस सेवा
Bihar News: बिहार की महिलाओं को आज सीएम नीतीश बड़ा तोहफा देंगे। सीएम नीतीश महिलाओं के लिए पिंक बस शुरु करेंगे। सीएम आवास से मुख्यमंत्री पिंक बस सेवा की शुरुआत करेंगे।

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। सीएम नीतीश आज महिलाओं के लिए विशेष पिंक बस सेवा की शुरुआत करेंगे। ये बस केवल महिलाओं के लिए होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित एक अणे मार्ग से इस योजना का उद्घाटन करेंगे और पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
पिंक बस सेवा आज से शुरु
यह सेवा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा संचालित की जाएगी। पहले चरण में कुल 20 मिनी पिंक बसें चलाई जाएंगी। जिनमें से पटना में 8, मुजफ्फरपुर में 4 तथा गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में 2-2 बसें शामिल हैं। दूसरे चरण में 80 और पिंक बसें सड़कों पर उतरेंगी। पिंक बसें खासतौर पर महिलाओं के लिए डिज़ाइन की गई हैं। इनमें केवल महिला एवं छात्राएं ही सफर कर सकेंगी। ये बसें शहरों के प्रमुख मार्गों पर सिटी बस सेवा के रूप में चलेंगी और इनका संचालन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा।
भविष्य में महिलाएं ही होंगी ड्राइवर और कंडक्टर
परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने जानकारी दी कि यह सेवा महिलाओं को एक सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के अनुसार, इन बसों का संचालन भी पूरी तरह से महिलाओं द्वारा किया जाना है यानी ड्राइवर और कंडक्टर दोनों महिलाएं होंगी। हालांकि, BSRTC को अब तक पर्याप्त महिला ड्राइवर नहीं मिल पाई हैं। जिस कारण पहले चरण में संभावना है कि पुरुष चालक इन बसों को चलाएंगे। लेकिन भविष्य में महिला चालकों की नियुक्ति के बाद इसे पूरी तरह महिला-संचालित सेवा के रूप में विकसित किया जाएगा।
सीएम नीतीश देंगे तोहफा
गौरतलब है कि नीतीश सरकार ने 2025 के बजट भाषण में पिंक बस सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। यह पहल राज्य में महिलाओं की यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुलभ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इन बसों से महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। महिलाएं एक जिले से दूसरे जिलें में बिना किसी डर भय के आ जा सकेंगी। फिलहाल इन बसों में पुरुष चालक होंगे लेकिन भविष्य इन बसों में महिला चालकों की नियुक्ति की जाएगी।