Bihar News: सीएम नीतीश आज बाढ़ को देंगे बड़ी सौगात, उमानाथ मंदिर परिसर का होगा कायाकल्प, भूमि पूजन करेंगे मुख्यमंत्री
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश आज बाढ़ दौरे पर जाएंगे। सीएम नीतीश बाढ़ में उमानाथ मंदिर परिसर में भूमि पूजन करेंगे। 13.89 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का कायाकल्प होगा।

Bihar News: पटना जिले के बाढ़ स्थित उत्तर वाहिनी गंगा तट पर स्थित उमानाथ मंदिर परिसर का अब व्यापक विकास होने जा रहा है। फरवरी 2025 में प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर के कायाकल्प की घोषणा की थी। अब यह योजना मूर्त रूप लेने जा रही है।
13.89 करोड़ रुपये की लागत से होगा कायाकल्प
करीब 13.89 करोड़ रुपये की लागत से उमानाथ मंदिर परिसर का विकास कार्य होगा। परियोजना के तहत मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही सती स्थान में विद्युत शवदाह गृह, गंगा रिवर फ्रंट, जी+2 सामुदायिक भवन (अतिथियों के ठहरने हेतु), मंत्र उच्चारण मंच, जप स्थल, खेल क्षेत्र, यात्री शेड और परिखा दीवार का निर्माण किया जाएगा।
सीएम नीतीश करेंगे भूमि पूजन
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंदिर परिसर में भूमि पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर अनुमंडल से लेकर बाढ़ नगर प्रशासन तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद कर दी गई है।
बाढ़ को देंगे बड़ी सौगात
बताया जा रहा है कि करीब दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाढ़ पहुंचेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मंत्री विजय कुमार चौधरी के भी आने की संभावना है।