सीएम सम्राट चौधरी ने की कृषि विभाग की समीक्षा, 'कृषि स्टार्टअप नीति' पर दिया विशेष जोर
सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कृषि विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीएम ने बिहार कृषि स्टार्टअप नीति के तहत नवाचार और एग्री-टेक को बढ़ावा देने, तथा आम, केला व शहद के उत्पादन के लिए क्लस्टर आधारित रणनीति अपनाने के निर्देश
Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में कृषि विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बिहार कृषि स्टार्टअप नीति के तहत नवाचार (Innovation) एवं कृषि टेक (Agri-Tech) को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाए. उन्होंने राज्य में फसलों के उत्पादन और उत्पादकता में हुई वृद्धि की सराहना करते हुए इसे और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई.
आम, केला और शहद का उत्पादन बढ़ाने का निर्देश; क्लस्टर आधारित विकास की रणनीति
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राज्य की चुनिंदा फसलों और उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य में आम, शहद और केला के उत्पादन को और अधिक बढ़ाने के लिए तेजी से काम किया जाए. इन फसलों की खेती को प्रोत्साहित कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं. इसके साथ ही, जिन जिलों में विशेष फसलों की अपार संभावनाएँ मौजूद हैं, वहाँ क्लस्टर आधारित (Cluster-based) विकास की रणनीति अपनाई जाए.
वैश्विक बाजारों में मिलेगी बिहार के कृषि उत्पादों को पहचान, बनेगी समेकित रणनीति
बैठक में कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण (Processing) एवं विपणन (Marketing) की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि किसानों को उनकी उपज का सीधा और अधिकतम लाभ मिल सके. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बिहार के विशिष्ट एवं पारंपरिक कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में एक नई पहचान दिलाने के लिए एक ठोस एवं समेकित रणनीति (Integrated Strategy) तैयार की जाए.
ग्राम स्तर तक सुदृढ़ होंगी कृषि विस्तार सेवाएं; कृषि यंत्रों की सब्सिडी का होगा आकलन
ग्रामीण स्तर पर तकनीक को पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम स्तर तक कृषि विस्तार सेवाओं को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाए. किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना चाहिए. इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्रों एवं अन्य संस्थानों के माध्यम से किसानों तक नवीन तकनीकों की जानकारी लगातार पहुंचाई जाए. साथ ही, उन्होंने कृषि यंत्रों की बिक्री, उपयोग और किसानों को दी जा रही सब्सिडी की वर्तमान स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया ताकि कृषि कार्य को और अधिक आधुनिक एवं उत्पादक बनाया जा सके.
पीएम किसान सम्मान निधि: पात्र किसानों के लिए चलेगा विशेष अभियान, शत-प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की भी बारीकी से पड़ताल की गई. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस कल्याणकारी योजना के अंतर्गत राज्य के अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाए. उन्होंने अधिकारियों को हर हाल में लाभार्थियों के शत-प्रतिशत (100%) कवरेज को सुनिश्चित करने की हिदायत दी.
इस महत्वपूर्ण बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कृषि उत्पादन, बागवानी विकास, कृषि यंत्रीकरण, अनुसंधान, प्रसंस्करण एवं किसानों की आय वृद्धि से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. बैठक में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
रंजन कुमार की रिपोर्ट