पटना में कांग्रेस का हल्लाबोल, कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

Congress protests in Patna
Congress protests in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। सचिवालय थाना के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे और केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।


रिपोर्ट के बाद कांग्रेस ने तेज किया विरोध

CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस का विरोध The Indian Express की एक रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ है। 23 सितंबर को प्रकाशित रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार चुनाव आयोग के फैसलों और आदेशों को लेकर लिखित आपत्तियां दर्ज की थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन आपत्तियों में आरोप लगाया गया कि कुछ फैसलों की जानकारी दोनों चुनाव आयुक्तों को पहले नहीं दी गई थी। एक दिन में ही चार आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई।


रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन खबरों के बीच स्पष्ट किया है कि व्यक्तिगत मत या सुझाव आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और आयोग के सभी अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।


पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर उठे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस ने 25 सितंबर को देशभर के राज्य चुनाव आयोग कार्यालयों तक मार्च का आह्वान किया है।

नरोत्तम की रिपोर्ट