Bihar Education News: शिक्षा विभाग में खत्म होंगे 543 पद, अब BPSC से होगी नई नियुक्तियां, 1991 से रिक्त पदों पर होगी बहाली

Bihar Education News: शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1991 के बाद से BEO के पदों पर कोई नई नियुक्ति नहीं हुई, जिससे करीब 70% पद खाली पड़े हैं।

शिक्षा विभाग
Bihar Education News- फोटो : social media

Bihar Education News: बिहार में शिक्षा प्रशासन व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार ने बिहार शिक्षा प्रशासन संवर्ग नियमावली 2025 को मंजूरी दे दी है। जिसके तहत 534 प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) के पद को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा। बीईओ के सेवानिवृत्त होते ही उनके पद स्वतः समाप्त माने जाएंगे। इसकी जगह अब सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की नियुक्ति की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से इन पदों पर 50% सीधी भर्ती और 50% पदोन्नति के जरिए नियुक्ति होगी। 

नए पदाधिकारी की होगी बहाली 

नए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी पहले से अधिक होगी और उन्हें स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए उत्तरदायी माना जाएगा। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1991 के बाद से BEO के पदों पर कोई नई नियुक्ति नहीं हुई, जिससे करीब 70% पद खाली पड़े हैं। वर्तमान में एक-एक BEO पर दो से तीन प्रखंडों की जिम्मेदारी है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में अड़चन आ रही है।

सरकार का उद्देश्य 

सरकार का उद्देश्य इस नई व्यवस्था के जरिए शिक्षा तंत्र को अधिक उत्तरदायी और प्रभावी बनाना है। AEDO के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगे चलकर शिक्षा विकास पदाधिकारी के पद तक प्रोन्नति देने का प्रावधान भी रखा गया है। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि नियमावली 2025 के क्रियान्वयन को लेकर तैयारियां जल्द पूरी करें, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नया तंत्र प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।