Bihar Sarkari Naukri: बिहार के इस विभाग में बंपर बहाली, इतने पदों पर होगी भर्ती, ऐसे करें आवेदन

Bihar Sarkari Naukri: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कई विभागों में बहाली निकाली जा रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर बंप बहाली निकाली गई है। पढ़िए आगे...

सरकारी नौकरी
बंपर बहाली - फोटो : social media

Bihar Sarkari Naukri:  बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में बंपर बहाली की जा रही है। सभी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती निकाली जा रही है। इसी कड़ी में मद्य निषेध और उत्पाद एवं निबंधन विभाग में बंपर बहाली निकाली गई है। दरअसल, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। विभाग में कुल 2180 पदों पर सीधी बहाली की जाएगी, जबकि 1245 पदों को प्रोन्नति के जरिए भरा जाएगा। विभाग ने सीधी नियुक्तियों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से संबंधित चयन आयोगों को अधियाचना भेज दी है।

मद्य निषेध विभाग में सबसे बड़ी बहाली 

इनमें सबसे ज्यादा मद्य निषेध सिपाही के 1603 पद हैं। जिसके लिए अधियाचना केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) को भेजी गई है। इसके अलावा विभिन्न आयोगों को अलग-अलग पदों के लिए अधियाचना भेजी गई है। बता दें कि, मद्य निषेध सिपाही के 1603 पदों पर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के द्वारा भर्ती की जाएगी। निम्नवर्गीय लिपिक (निबंधन) के 440 पदों के लिए बिहार कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा भर्ती होगी। कार्यालय परिचारी (मूल कोटि) के 79 पदों के लिए बिहार तकनीकी सेवा आयोग के द्वारा भर्ती की जाएगी। अवर निरीक्षक, मद्य निषेध के 28 पदों पर बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग भर्ती करेगा। अवर निबंधक / संयुक्त अवर निबंधक के 14 पदों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग के द्वारा भर्ती होगी। वाहन चालक के 7 पदों के लिए बिहार तकनीकी सेवा आयोग के द्वारा भर्ती होगी। आशुलिपिक ग्रेड-3 के 9 पदों पर बिहार कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा भर्ती होगी। 

विभाग में रिक्तियों की स्थिति

वर्तमान में विभाग में 6707 स्वीकृत पदों के मुकाबले 3526 पद रिक्त हैं। निबंधन विभाग में स्थिति अधिक चिंताजनक है। जहां उच्चवर्गीय लिपिक के 490 स्वीकृत पदों में मात्र 51 कर्मचारी कार्यरत हैं। शेष 439 पदों को प्रोन्नति से भरा जाएगा। इसी तरह निम्नवर्गीय लिपिक के 900 स्वीकृत पदों में 329 पद ही भरे हुए हैं, शेष 571 पदों में से 135 को प्रोन्नति और 436 को सीधी बहाली से भरा जाएगा।

प्रोन्नति से भरें जाएंगे रिक्त पद 

मद्य निषेध विभाग में एएसआई और इंस्पेक्टर के सभी रिक्त पदों को प्रोन्नति से भरा जाएगा। वहीं, दारोगा के 50 फीसदी रिक्त पदों पर भी प्रोन्नति की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सिपाहियों की बहाली के बाद पहले से बहाल सिपाही, एएसआई और दारोगा को प्रोन्नति मिलेगी।