पटना में खूनी संघर्ष: डेढ़ बीघा जमीन के लिए भांजे की हत्या, चचेरे मामा के खिलाफ परिजनों का कोहराम, जांच में जुटे ग्रामीण एसपी

जमीन के टुकड़े के लिए अपनों के बीच उपजी नफरत ने रविवार सुबह एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। फतुहा थाना क्षेत्र के गौरी पुंदाह के पास पइन (नहर) से एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पटना में खूनी संघर्ष: डेढ़ बीघा जमीन के लिए भांजे की हत्या,

Patna - : फतुहा थाना क्षेत्र के गौरी पुंदाह में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पइन से एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान विनोद प्रसाद के रूप में हुई है, जिनकी हत्या का आरोप उनके ही चचेरे मामा पर लगा है। मामला करीब डेढ़ बीघा की कीमती जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी ने खुद कमान संभाली है और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को तैनात किया गया है। 

मृतक की पहचान और घटनास्थल का मंजर

मृतक की पहचान विनोद प्रसाद (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नालंदा के त्रिभुवन बीघा के रहने वाले थे, लेकिन फिलहाल फतुहा के अड्डा मकसूदपुर में रह रहे थे। रविवार सुबह उनका शव पइन में मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर गहरे घाव के निशान और सड़क पर बिखरे खून के धब्बे इस बात की गवाही दे रहे थे कि विनोद प्रसाद की बेरहमी से हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।

चचेरे मामा पर हत्या का गंभीर आरोप

घटना के बाद फतुहा थाने पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र राजीव कुमार ने अपने चचेरे मामा पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी साजिश करीब डेढ़ बीघा जमीन को हड़पने के लिए रची गई है। राजीव के अनुसार, उनके नाना का कोई सीधा वारिस नहीं होने के कारण उन्होंने यह संपत्ति विनोद प्रसाद के नाम कर दी थी, जिसे लेकर चचेरे मामा लंबे समय से विवाद कर रहे थे और रास्ते से हटाने की धमकी दे रहे थे।

चाय पीने निकले थे विनोद, पुलिस से मिली मौत की खबर

परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह विनोद प्रसाद हमेशा की तरह 'चाय पीकर आता हूँ' कहकर घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो घर वालों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। खोजबीन शुरू ही हुई थी कि पुलिस के जरिए उन्हें विनोद की मौत की खबर मिली। परिजनों का आरोप है कि इस विवाद को लेकर पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उचित कार्रवाई न होने का खामियाजा आज उन्हें भुगतना पड़ा।

ग्रामीण एसपी ने संभाली कमान, मौके पर पहुंची FSL टीम

मामले की गंभीरता और इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने साक्ष्यों का बारीकी से मुआयना किया और स्थानीय पुलिस को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से FSL (Forensic Science Laboratory) की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किए जा सकें।

Report - Rajnish