Bihar News: दिल्ली में मृतक बिहारी युवक के परिजन से मिले हम के प्रदेश अध्यक्ष, कल जीतनराम मांझी ने दिया था विवादित बयान

Bihar News: दिल्ली में बिहारी युवक की मौत मामले में सियासत गरमाई हुई है। इसी बीच हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। साथ ही न्याय का भरोसा भी दिलाया है।

मांझी
पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश अध्यक्ष - फोटो : Reporter

Bihar News:  दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या के बाद से ही सियासत गरमाई हुई है। कई नेता मृतक के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के एक हवलदार पर आरोप है कि उसने युवक को सिर्फ इस लिए मारा क्योंकि वो बिहारी था। इस घटना के बाद नेताओं के प्रतिक्रिया भी सामने आ रहे हैं। दिल्ली और बिहार में बीजेपी की सरकार है इस कारण विपक्ष भी हमलावर है। इसी बीच मृतक के परिजनों से मिलने के लिए हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उनके आवास पर पहुंचे है। 

दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या 

दरअसल, दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में हाल ही में घटित वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक घटना जिसमें दिल्ली पुलिस के एक हवलदार द्वारा दो बिहारी युवकों पर गोली चलाई गई। जिससे एक युवक की मृत्यु हो गई और दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न केवल मानवता को झकझोरने वाली है बल्कि यह घटना दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

हम प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक 

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार की ओर से इस घटना पर गहरा शोक और आक्रोश व्यक्त किया गया है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन के आदेश पर पीड़ित परिवार से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और एक लोकतांत्रिक समाज में इस प्रकार की हिंसक कार्रवाई किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकती। 

न्याय का दिलाया भरोसा 

साथ ही रजनीश कुमार ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की, उनका दुख साझा किया तथा उन्हें यह भरोसा दिलाया कि पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें हर हाल में न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ प्रयास किया जाएगा और इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

पीड़ित को मुआवजे की मांग 

उन्होंने आगे बताया कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) यह मांग करता है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा उनके उपचार की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं।

मांझी का विवादित बयान 

बीते दिन जीतनराम मांझी ने पटना एयरपोर्ट पर कहा था कि, " ई कौन बड़ी बात है भाई...मार दिया तो मार दिया। आपको कोई क्यों नहीं मारा भाई, किसी पर कोई शंका होगी तो जांच होगी। जांच होने पर अगर निर्दोष को मारा गया है तो जो मारा है उस पर कार्रवाई होगी"। जीतनराम मांझी के इस आरोप पर तेजस्वी यादव ने हमला बोलते हुए कहा था कि, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।