पटना में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर की टक्कर से 20 फीट नीचे गड्ढे में गिरा ऑटो, युवती समेत दो की दर्दनाक मौत
पटना के जानपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एनएच-139 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई है। दोनो मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे है।....
Patna : जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-139 पर मंगूपुर के समीप एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार बड़े कंटेनर ट्रक और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर के धक्के से ऑटो अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा और पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया। इस हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय सोनी कुमारी और 45 वर्षीय ऑटो चालक विजय सिंह के रूप में हुई है। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं और पटना जिले के ही विक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत हथसार गांव के निवासी थे। हादसे की पुष्टि करते हुए डीसीपी ट्रैफिक-3 आशीष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में जान गंवाने वाले दोनों लोग एक ही गांव के थे और रिश्ते में संबंधी थे।
जेसीबी की मदद से निकाले गए शव
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण पाया। ऑटो की स्थिति इतनी विकट हो गई थी कि उसमें फंसे दोनों शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस प्रशासन को जेसीबी मशीन का सहारा लेना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद
स्थल पर राहत और बचाव कार्य के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुमन प्रसाद, ट्रैफिक प्रभारी देवानंद कुमार, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एनएच-139 पर हुए इस भीषण हादसे से आसपास के इलाके में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। वहीं, एक ही गांव के दो लोगों की अचानक हुई मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
रंजीत की रिपोर्ट