Bihar Assembly Elections - महागठबंधन की सरकार बनी तो मुकेश सहनी बनेंगे डिप्टी सीएम! वीआईपी सुप्रीमो ने कर दी घोषणा
Bihar Assembly Elections - मुकेश सहनी ने साफ कर दिया है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार में तेजस्वी सीएम और मैं डिप्टी सीएम बनूंगा।

Patna - विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने आज कहा कि महागठबन्धन में सबकुछ तय है, बस घोषणा शेष है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि चुनाव के लिए महागठबन्धन में शामिल सभी दल पूरी तरह तैयार हैं। हमलोगों की पार्टी जनता के बीच ही रहती है और काम करती है।
महागठबन्धन में प्रमुख सहयोगी पार्टी वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव बिहार के बदलाव का और उसके बेहतर भविष्य का चुनाव है। बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबन्धन में किसी तरह की तकरार नहीं है। हम सभी सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि इस बार महागठबन्धन की सरकार तय है। महागठबन्धन की सरकार बनी तो मैं उप मुख्यमंत्री बनूंगा। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है।
'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से चर्चित श्री सहनी ने कहा कि महागठबन्धन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बनेंगे और उप मुख्यमंत्री वीआईपी का होगा। उन्होंने कहा कि महागठबन्धन की सरकार ने 17 महीने के कार्यकाल में काम करके दिखाया है। अब बिहार के युवा और महिलाएं काम करने वाली सरकार चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार को अब युवा नेतृत्व चाहिए जो बिहार को नया बिहार बनाए। अब जरूरत है कि बिहार में उद्योग लगे और युवाओं को इस प्रदेश में ही रोजगार मिले। अब बहुत हो चुका, अब बदलाव आवश्यक है।