Bihar News - सिंदूरदान के दौरान दुल्हन ने देखा कुछ ऐसा, कर दिया शादी से इनकार, खाली हाथ लौटी बारात
Bihar News - विवाह के मंडप में दुल्हन ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। जब यह घटना हुई, तब सिंदूरदान का रस्म चल रहा था। जहां दूल्हे की एक हरकत ने दुल्हन को नाराज कर दिया.

Kaimur - विवाह के मंडप में सिंदूरदान के दौरान दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद काफी मान मनौव्वल हुआ, लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। जिसके बाद बिना दुल्हन लिए दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया।
मामला भभुआ जिले से जुड़ा है। जहां चेनारी के बगाढ़ी गांव निवासी शिववचन बिंद के बेटे हीरा उर्फ पवन कुमार रविवार को कटरा गांव में बारात लेकर पहुंचे थे। बड़े ही धूमधाम से बारातियों का स्वागत हुआ।
सिंदूरदान के समय कांपने लगा दूल्हे का हाथ
इसके बाद द्वार पूजा और बरनेत की रस्में पूरी हुई। लेकिन सिंदूर दान के समय दूल्हे का हाथ कांपने लगा। इस पर दुल्हन ने दूल्हे को पागल बताते हुए विवाह से मना कर दिया।
पुलिस के समझाने का नहीं हुआ असर
मामला बिगड़ने पर डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को भभुआ थाने बुलाया। थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई। लेकिन लड़की और उसके परिवार वाले शादी के लिए नहीं माने। इसके बाद बारातियों को दुल्हन के बिना घर वापस लौटना पड़ा।
शोरगुल के कारण हिल गया था दूल्हे का हाथ
इस पूरी घटना को लेकर लड़के के जीजा ने बताया कि 'शादी की सारी रस्में बहुत धूमधाम से हुई। जयमाला से लेकर तिलक तक की रस्में हो चुकी थीं। लड़की को जेवरात भी चढ़ा दिए गए थे।' 'मंडप में शादी की रस्म चल रही थी। लेकिन जब सिंदूरदान के समय महिलाओं के शोर-गुल से लड़के का हाथ हिल गया। इतने में दुल्हन ने शादी रुकवा दी। वो कहने लगी की लड़का पागल है, मुझे इससे शादी नहीं करनी है।'
नहीं माने दुल्हन के परिवार के लोग
'इसके बाद वहां मौजूद परिजन और रिश्तेदारों ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन लड़की पक्ष नहीं माने। फोन कर जब डायल 112 को बुलाया तो वो हमें थाने ले आई। यहां पुलिस के समझाने पर भी लड़की शादी के लिए नहीं मानी। दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया।'
दहेज का पूरा खर्च वापस करने की मांग
दूल्हे के पिता ने बताया कि 'शादी एक लाख रुपए में तय हुई थी। उन्होंने 90 हजार रुपए नगद दिए थे। इसमें से 30 हजार के गहने, 20 हजार की साड़ी और 10 हजार डीजे में खर्च किए।' 'बाकी राशि बारात के वाहन में लगी। लड़के पक्ष का आरोप है कि लड़की वाले सारा जेवर रख लिए और अब पैसों की मांग कर रहे हैं।'