सीएम सम्राट पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बड़ा दावा, पांच राज्यों में भाजपा के प्रदर्शन कर दी बड़ी भविष्यवाणी
Jagadguru Rambhadracharya : जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर रविवार को बड़ा दावा किया है. पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सम्राट चौधरी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सीएम सम्राट बहुत अच्छा कर रहे हैं. उनकी सरकार में बिहार में बढ़िया काम होगा. एक दिन पहले ही उन्होंने सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम का दौरा किया था जहां रामभद्राचार्य से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया था.
रामभद्राचार्य ने इस मुलाकात को लेकर कहा कि वे पुनौरा धाम गए थे. इस दौरान सीएम सम्राट भी आये और उनसे मुलाकात की. वे बहुत अच्छे हैं और बढ़िया काम कर रहे हैं. वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे. उन्होंने पुनौरा धाम में हो रहे विकास कार्यों की सरहना की. उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में वहां भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा हो जाएगा. सम्राट चौधरी के सीएम बनने से इसे और गति मिलेगी.
वहीं पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर रामभद्राचार्य ने कहा कि सभी राज्यों में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन होना चाहिए. दरअसल, असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का परिणाम 4 मई को आएगा. पश्चिम बंगाल को छोड़कर शेष सभी राज्यों में मतदान हो चुका है. बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की तारीख 29 अप्रैल है. उसके पहले अब रामभद्राचार्य ने सभी राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.