Bihar News : डिप्टी सीएम विजय चौधरी से वरिष्ठ भाजपा नेता ओम कुमार सिंह ने की मुलाकात. सोनपुर को ‘ओमेगा टाउनशिप’ में शामिल करने सहित कई मुद्दों पर की चर्चा
PATNA : बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से सोनपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता ओम कुमार सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सोनपुर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ओम कुमार सिंह ने उप मुख्यमंत्री को सोनपुर को “ओमेगा टाउनशिप” में शामिल करने की मांग रखते हुए इसे वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि सोनपुर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसे योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह राज्य का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बन सकता है।
मुलाकात के दौरान ओम कुमार सिंह ने बिहार सरकार द्वारा क्षेत्र में शुरू की जा रही विभिन्न विकास योजनाओं और प्रस्तावित बड़ी परियोजनाओं के लिए उप मुख्यमंत्री को बधाई भी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार की प्राथमिकता में सोनपुर को विशेष स्थान मिलेगा और आधारभूत संरचना, पर्यटन तथा रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।
वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सोनपुर जैसे महत्वपूर्ण इलाकों के विकास पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस मुलाकात को सोनपुर के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और स्थानीय लोगों में इससे नई उम्मीद जगी है।