Shibu Soren Death: झारखंड के पूर्व CM ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन पर जदयू नेता छोटू सिंह ने जताई संवेदना, दिवंगत आत्मा की चिर-शांति के लिए की प्रार्थना

PATNA : झारखंड आंदोलन के अग्रदूत, JMM के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव सह जदयू के प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि शिबू सोरेन का निधन अत्यंत दुःखद है। वे आदिवासी समाज के सशक्त स्वर थे, जिन्होंने सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिर-शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को संबल दें।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के अनुसार, उन्हें जून के अंतिम सप्ताह में किडनी संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनके निधन की पुष्टि उनके पुत्र और राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर की। शिबू सोरेन की लंबी बीमारी के बाद यह दुखद समाचार सामने आया है। राज्य और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच 'गुरुजी' के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे। उनके निधन से राज्य की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है।