Bihar politics - अपराध राजद करवाए और निशाना सरकार पर? यह गठबंधन धर्म का पालन नहीं हो सकता! जीतन राम मांझी ने चिराग पर साधा निशाना

Patna - बिहार में अपराध को लेकर एनडीए सरकार के ऊपर सवाल खड़ा करने वालों पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। श्री मांझी ने कहा है कि बिहार में अपराध राजद वाले कराएं और तोहमत सरकार पर लगे यह कैसा इंसाफ है? जो लोग भी सरकार के ऊपर अपराध को लेकर तोहमत लगा रहे हैं क्या वह गठबंधन धर्म का पालन कर रहे हैं?
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि गठबंधन में रहकर गुड़ खाना और गुड़अम्मे से परहेज यह ठीक नहीं है। जो लोग आज अपराध को लेकर आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व वाली सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अब बिहार के मुख्यमंत्री निवास में माफियाओं की खातिरदारी नहीं होती है। बिहार में दो दशक पहले ही यह दौर खत्म हो चुका है।
केंद्रीय मंत्री श्री मांझी ने कहा कि अब बिहार में माफियाओं को ठोक दिया जाता है। लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाना आसान है लेकिन गठबंधन धर्म का पालन करना ज्यादा भी मुश्किल नहीं। बिहार में चुनाव है और विरोधियों की साजिश के इस दौर में मजबूती से साथ खड़े रहने की जरूरत है।
हर तरह के अपराध के बावजूद बिहार की पुलिस कार्रवाई कर रही है। अपराधी पकड़े जा रहे हैं और उनका ट्रायल भी हो रहा है लेकिन जरूरत है गठबंधन के धर्म को निभाते रहने की और विरोधियों के साजिश को नाकाम करने की।
बता दें कि चिराग ने आज बिहार मे हो रही हत्याओं को लेकर बिहार पुलिस की जिम्मेदारियों पर सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा कि कब तक बिहारियों की हत्या होती रहेगी। ऐसे में अब जीतन राम मांझी ने इशारों में चिराग पासवान पर यह हमला किया है।