बिहटा के NSMCH को बड़ी उपलब्धि : NMC ने दी 250 MBBS सीटों की मंजूरी, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक सुविधाओं का मिला प्रतिफल
पटना के बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को उसके विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक सुविधाओं का बड़ा प्रतिफल मिला है। NMC ने इस संस्थान में MBBS की 150 सीटों को बढ़ाकर 250 करने की मंजूरी दे दी है....
Patna : पटना के बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) ने एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC), नई दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इस प्रतिष्ठित संस्थान में एमबीबीएस (MBBS) की सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 करने की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। आपको बता दें कि इससे पहले इस चिकित्सा संस्थान को केवल 150 एमबीबीएस सीटों पर ही नामांकन की मान्यता प्राप्त थी, जिसमें अब 100 सीटों का इजाफा किया गया है।
विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक सुविधाओं का मिला प्रतिफल
संस्थान को मिली यह बड़ी कामयाबी यहां के उत्कृष्ट और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर), अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं (लैब्स), आधुनिक शिक्षण सुविधाओं और अनुभवी व योग्य चिकित्सकों की टीम का परिणाम है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता को देखते हुए ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने सीटों की संख्या में बढ़ोतरी का यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
बिहार के प्रतिभावान छात्रों को मिलेगा अपने ही राज्य में मौका: चेयरमैन
इस गौरवशाली अवसर पर संस्थान के चेयरमैन एम. एम. सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि 250 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलना न केवल कॉलेज के लिए, बल्कि बिहटा, पटना और पूरे बिहार के लिए सम्मान का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से राज्य के अधिक से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को डॉक्टर बनने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने ही प्रदेश में रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर सकेंगे। इससे आने वाले समय में बिहार को भारी संख्या में योग्य और कुशल डॉक्टर मिलेंगे।
अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में राष्ट्रीय पहचान बनाने का संकल्प
संस्थान के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने इस उपलब्धि पर समस्त बिहारवासियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान का मुख्य संकल्प चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान (रिसर्च), नवाचार (इनोवेशन) और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलेज भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतरीन शिक्षा और समाज के गरीब व जरूरतमंद लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा मुहैया कराने के लिए प्रयासरत रहेगा।
सभी मानकों पर खरा उतरने और नए कीर्तिमान रचने का भरोसा
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल हमेशा एनएमसी (NMC) के सभी कड़े मानकों पर खरा उतरेगा और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन श्री एम. एम. सिंह ने इस सफलता के लिए एनएमसी के साथ-साथ संस्थान के समर्पित शिक्षकों, डॉक्टरों, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों, छात्रों और बिहटा व पटना के नागरिकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।