Road Accident In Bihar: बिहार में सड़क दुर्घटना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला मसौढ़ी का है। जहां सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। दरअसल, गया एसएच -01 मार्ग स्थित धनरुआ थाना के सिराधिपर गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक पर सवार 39 वर्षीया एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला मंजू सिन्हा कादिरगंज थाना के नीमड़ा गांव निवासी ब्रजेश कुमार की पत्नी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक महिला मंजू देवी गुरुवार की सुबह अपने पति ब्रजेश कुमार के साथ बाइक पर सवार हो वीर महादेव स्थान मंदिर में पूजा करने जा रही थी। तभी सिराधिपर गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवायडर से टकरा गई। इस दौरान महिला मंजू देवी बाइक से सिर के बल सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
कुछ ही देर के बाद उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उक्त घटना में उसका पति ब्रजेश कुमार भी घायल हो गया। बाद में परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए महिला के शव को वहां से उठाकर अपने घर लेकर चले गए। इधर इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मृतक के घर पहुंची और शव को बरामद कर बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
मसौढ़ी से सुजित की रिपोर्ट