Bihar Politics : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का अमर प्रतीक : डॉ. संतोष कुमार सुमन
Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की......पढ़िए आगे
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर शिक्षाविद् एवं महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारत की अखंडता के प्रति अटूट समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।
डॉ. सुमन ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और संप्रभुता के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का उनका संकल्प राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनका त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी करोड़ों देशवासियों को प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और उसकी एकता एवं अखंडता के लिए निरंतर सजग रहना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उनके विचार और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में डॉ. मुखर्जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। अंत में उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।