Mokama Barauni Bridge: मोकामा में राजेंद्र सेतु के समानांतर बन रहा रेल पुल इस दिन हो जाएगा तैयार, एक साथ गुजरेगी इतनी ट्रेनें
Mokama Barauni Bridge: राजेंद्र सेतु के समानांतर पर बन रहा नया रेल पुल इस दिन तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस पुल पर एक साथ कई ट्रेनें गुजरेंगी।

Mokama Barauni Bridge: मोकामा-बरौनी रेलखंड पर गंगा नदी पर बन रहा दोहरी पटरियों वाला नया रेल पुल मार्च 2026 तक तैयार हो जाएगा। यह पुल राजेन्द्र सेतु के समानांतर बनाया जा रहा है। जिससे मौजूदा पुल पर ट्रेनों के दबाव को कम करने और संचालन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। रेल पुल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जानकारी अनुसार रेल पुल का 87 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है।
मार्च 2026 तक हो जाएगा तैयार
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, मुख्य पुल और एप्रोच रोड सहित कुल 87 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पहले इस परियोजना को मई 2026 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी, लेकिन हाल ही में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में इसे घटाकर मार्च 2026 कर दिया गया है। इरकॉन को यह कार्य तय समयसीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।
पीएम मोदी ने रखी थी आधारशिला
इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च 2016 को रखी थी। नया पुल उत्तर में हथीदह, टाल और रामपुर डुमरा को दक्षिण में राजेन्द्र पुल और बरौनी स्टेशन से जोड़ेगा। यह पुल राजेन्द्र सेतु से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है और इसकी कुल लंबाई 1.86 किलोमीटर होगी। पुल में कुल 19 पाये और 16 स्पैन होंगे।
राजेन्द्र सेतु पर घटेगा दबाव, ट्रेनों की गति होगी तेज
वर्तमान में राजेन्द्र सेतु पर एक ही ट्रैक से ट्रेनों का दोनों दिशा में संचालन होता है। जिससे ट्रेनों की गति काफी धीमी रहती है और जाम की स्थिति बनती है। नए पुल के चालू होने से तीन ट्रैकों की सुविधा मिलेगी जिससे ट्रेनों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकेगी। इसके साथ ही समय पर ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित हो पाएगा और नई ट्रेनों के परिचालन की संभावना भी बढ़ेगी। रेल अधिकारियों के अनुसार, नया पुल न सिर्फ परिचालन की दृष्टि से अहम होगा, बल्कि यह भविष्य की रेल परिवहन आवश्यकताओं को भी पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।