UP News : कुंवर निषाद की मां पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़के मुकेश सहनी, 24 घंटे में एफआईआर नहीं तो मथुरा कूच का किया ऐलान
UP News : VIP के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने तथाकथित महंत राजू दास द्वारा कुंवर निषाद की माताजी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा आक्रोश जताया है.....पढ़िए आगे
PATNA : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने तथाकथित महंत राजू दास द्वारा कुंवर निषाद की माताजी के प्रति कथित तौर पर की गई अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि किसी मां के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है, बल्कि यह पूरे निषाद समाज की माताओं और नारी शक्ति का अपमान है। मुकेश सहनी ने कहा कि एक राष्ट्रीय समाचार चैनल पर सार्वजनिक रूप से कुंवर निषाद की माताजी के प्रति कथित अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। यह सिर्फ एक परिवार या एक मां का मामला नहीं है, बल्कि समाज की हर मां के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी माता और नारी शक्ति के अपमान पर चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने बताया कि इसी गंभीर मामले को लेकर उन्होंने आज कुंवर निषाद से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सहनी ने कहा कि निषाद समाज के सम्मान, स्वाभिमान और माताओं के सम्मान के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। मुकेश सहनी ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर राजू दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है, तो वह 1 सितंबर को मथुरा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पुलिस प्रशासन किसके दबाव में कार्रवाई करने से पीछे हट रहा है? कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से किसी की मां या महिला का अपमान करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। वीआईपी प्रमुख ने कहा कि राजू दास को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है।
सहनी ने कहा, “यह सिर्फ एक मां का अपमान नहीं, बल्कि देश की हर मां और नारी शक्ति के सम्मान पर हमला है। सम्मान से समझौता नहीं होगा। न्याय लेकर रहेंगे।” उन्होंने कहा कि वीआईपी इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
देबांशु प्रभात की रिपोर्ट