Gopal Mandal: हत्या होती रहेगी!'—गोपाल मंडल की अपराध पर फिलॉसफी से मचा सियासी तूफान, नीतीश पर फिर सवाल
Gopal Mandal: पटना के व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के बाद सत्ताधारी जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। ..

Gopal Mandal: पटना के व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के बाद बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। एक ओर जहाँ विपक्षी दल राज्य में अपराध के बढ़ते ग्राफ पर सरकार को घेर रहे हैं, वहीं सत्ताधारी जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। मंडल ने हत्या को ‘सामान्य घटना’ बताया और कहा कि "यह तो होते रहेगा, इसे कोई नहीं रोक सकता।"
गोपाल मंडल ने यह भी कहा कि "सरकार हत्या कैसे रोकेगी? नीतीश कुमार क्या हर जगह मौजूद रहेंगे? पुलिस अपना काम कर रही है, कानून चल रहा है।" उनके इस बयान से यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या सत्तापक्ष अब अपराध को नियति मान बैठा है?
हालाँकि उन्होंने यह स्वीकारा कि पुलिस तंत्र में ढिलाई है। मंडल ने कहा कि पहले पुलिस में डर था, अब वह ‘थेथर’ हो गई है। आज की पुलिस सुस्त हो गई है, इसलिए अपराध हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह सरकार के खिलाफ नहीं, व्यवस्था के खिलाफ बोल रहे हैं।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंडल ने कहा कि उन्हें कोई हक नहीं है सवाल उठाने का। "2005 से पहले बिहार में जो जंगलराज था, उसमें आईएएस अफसरों की पत्नियों का अपहरण और सामूहिक बलात्कार तक होता था," उन्होंने कहा। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद राज्य में स्थिरता आई है और व्यापारी वर्ग अब सुरक्षित महसूस करता है।
चिराग पासवान पर भी उन्होंने करारा प्रहार किया। "अगर जदयू-भाजपा उन्हें छोड़ दे तो उनकी हैसियत शून्य है। वे सिर्फ प्रेशर पॉलिटिक्स कर रहे हैं," मंडल ने कहा। उन्होंने चिराग की तुलना उनके पिता से करते हुए कहा कि रामविलास पासवान बड़े नेता थे, पर चिराग केवल ‘हीरो टाइप’ लड़का हैं।"वह ‘बच्चा टाइप’ का बोलता है। युवाओं की भीड़ इसलिए होती है क्योंकि वह नया चेहरा है, पर राजनीतिक अनुभव नहीं है," उन्होंने चिराग की लोकप्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा।