Bihar Monsoon Session: मानसून सत्र के आज चौथे दिन विपक्ष कर सकता है संग्राम , नीट पेपर लीक से छात्र लाठीचार्ज तक... द्वितीय अनुपूरक बजट- 2026 पेश होगा
बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के चौथे दिन नीट पेपर लीक और पटना छात्र लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट भी सदन में पेश किया जाएगा।
Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का चौथा दिन सियासी गर्मी और तीखे टकराव का गवाह बन सकता है। सदन के भीतर आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार मुकाबले के पूरे आसार हैं। देशभर में सुर्खियों में रहे नीट पेपर लीक मामले और पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष सरकार पर चौतरफा हमला बोलने की तैयारी में है।
विपक्षी दलों ने रणनीति बनाकर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि प्रश्नकाल से लेकर शून्यकाल तक सरकार से जवाब-तलब किया जाएगा। विपक्ष का आरोप है कि पेपर लीक जैसे संगीन मामलों ने शिक्षा व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई ने सरकार की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल पैदा किए हैं। इन मुद्दों को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक, नारेबाजी और हंगामे की पूरी संभावना जताई जा रही है।
दूसरी ओर, सरकार सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने का दावा कर रही है। सत्ता पक्ष की कोशिश रहेगी कि सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चले और तय एजेंडे के अनुसार वित्तीय तथा प्रशासनिक कार्य पूरे किए जाएं।
आज की कार्यवाही का सबसे अहम एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी (अनुपूरक बजट) पेश किया जाना है। इसके जरिए विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान का प्रस्ताव सदन के सामने रखा जाएगा।कार्यसूची के मुताबिक, दिन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें शिक्षा विभाग और सहकारिता विभाग से जुड़े तारांकित प्रश्नों के उत्तर सरकार देगी। हालांकि राजनीतिक माहौल को देखते हुए यह माना जा रहा है कि विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ेगा। ऐसे में मानसून सत्र का चौथा दिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप, तीखी बहस और संभावित हंगामे के बीच बेहद अहम साबित हो सकता है।