Bihar Politics: आज नीतीश देंगे इस्तीफा, नए सीएम से खत्म होगा सस्पेंस, 15 अप्रैल को 11 बजे नई सरकार लेगी शपथ

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। नए सीएम को लेकर भी आज सस्पेंस खत्म हो जाएगा। 15 अप्रैल को नए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश आज देंगे इस्तीफा - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब से कुछ ही घंटों में इस्तीफा दे देंगे। सीएम नीतीश मंगलवार को सुबह 11 बजे कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे जिसके शाम 4 बजे राज्यपाल से मिलकर सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। लगभग दो दशकों के बाद नीतीश कुमार बिहार के सत्ता से विदा ले रहे हैं। 15 अप्रैल से प्रदेश में नई राजनीतिक दौर की शुरुआत हो जाएगी। आज पूरा दिन ऐतिहासिक होने वाला है। शाम 3 बजे बीजेपी के विधायक दल की बैठक होगी तो वहीं 4 बजे एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी। बीते दिन भी सियासी आपाधापी बनी रही। वहीं मंगलवार को भी सियासी सरगर्मी हाई रहेगी। 

नए सीएम के नाम की घोषणा 

जानकारी अनुसार आज शाम एनडीए की बैठक के नए सीएम के नाम की घोषणा होगी। जिसके बाद सीएम नीतीश इस्तीफा देंगे और शाम में ही नई सरकार के गठन का दावा पेश किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोक भवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। नए सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही पहली बार प्रदेश की सत्ता भाजपा के हाथों में होगी। यह केवल नेतृत्व का बदलाव नहीं होगा बल्कि राजनीतिक दिशा और दशा भी बदलेगा।

सभी पार्टी करेंगी बैठक 

सूत्रों की मानें तो आज जदयू और भाजपा समेत एनडीए के सभी घटक दल अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे एक अणे मार्ग स्थित आवास पर JDU विधायक दल की अहम बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। वहीं, अन्य सहयोगी दल HAM, RLJP और RLM भी समानांतर बैठकें कर अपनी रणनीति तय करेंगे।

दोपहर 3 बजे इस्तीफा

तय कार्यक्रम के अनुसार, नीतीश कुमार दोपहर 3 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही वर्तमान सरकार औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। इसके बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इस बैठक की निगरानी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जिन्हें भाजपा ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वही नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा करेंगे।

पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना

सूत्रों के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे राजभवन में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। इससे पहले 13 अप्रैल को जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा, ललन सिंह, मंत्री जमा खान और बिजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री आवास पर बैठक की थी, जिसमें नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा हुई। बहरहाल, आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए निर्णायक साबित होने जा रहा है, जहां न सिर्फ नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा, बल्कि राज्य की नई राजनीतिक दिशा भी तय होगी।