पीएम मोदी के जन्मदिन पर बिहार में 15 दिनों तक भाजपा चलाएगी बड़ा अभियान, दिलीप जायसवाल का राजद पर बड़ा खुलासा
दिलीप जायसवाल ने बताया कि इस बार सेवा पखवाड़ा के दौरान पार्टी “महा संपर्क अभियान” भी चलाएगी, जिसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बताएंगे।

Bihar News: 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, और हर वर्ष की तरह इस बार भी भारतीय जनता पार्टी इसे “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाने जा रही है। यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार यह आयोजन बिहार में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस से बात करते हुए बताया कि इस बार सेवा पखवाड़ा के दौरान पार्टी “महा संपर्क अभियान” भी चलाएगी, जिसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बताएंगे।
राजद ने रची बदनाम करने की साजिश
दिलीप जायसवाल ने विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को आयोजित बिहार बंद को बदनाम करने के लिए राजद ने एक सोची-समझी साजिश रची। जायसवाल ने दावा किया, “मुझे जानकारी मिली है कि आठ गाड़ियों से अलग-अलग स्थानों पर लोगों को भेजा गया और बंद के दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, ताकि पूरे आंदोलन को बदनाम किया जा सके।”
B से बीड़ी, B से बिहार — कांग्रेस की अपमानजनक मानसिकता
केरल कांग्रेस के उस विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर भी दिलीप जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें बीड़ी पर जीएसटी को लेकर तंज कसते हुए बिहार की तुलना बीड़ी से की गई थी। उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है कि वह बिहार और बिहारी को किस नजरिए से देखती है। आज बिहार की जनता खुद को अपमानित महसूस कर रही है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि बिहारी के प्रति उसकी सोच इतनी तुच्छ क्यों है।”
कांग्रेस और राजद को ‘मजा’ देता बिहार का अपमान
इस पूरे विवाद पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी कांग्रेस और राजद को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के देशभर के नेता और राजद के बिहार के नेता, सभी को बिहार और बिहारी के अपमान में मजा आता है। ये लोग बिहार के गौरव को चोट पहुंचाने में गर्व महसूस करते हैं। लेकिन बिहार की जनता अब चुप नहीं रहेगी और इन्हें सबक सिखाएगी।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार बिहार का अपमान करने की कीमत कांग्रेस और राजद को चुकानी पड़ेगी।
वंदना की रिपोर्ट