Bihar Politics: बिहार में 'माई-बहिन योजना' पर विवाद, मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा- ठगैती और झांसेबाजी

Bihar Politics: बिहार के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के कार्यकर्ता 'माई-बहिन योजना' के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से फर्जी फॉर्म भरवा रहे हैं। इसे ठगैती और झांसेबाजी बताया गया।

Bihar Politics
विजय कुमार चौधरी का बड़ा हमला!- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इस समय कथित 'माई-बहिन योजना' चर्चा का विषय बनी हुई है। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को इस योजना को पूरी तरह फर्जी बताते हुए महागठबंधन, विशेषकर राजद पर ग्रामीण महिलाओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया।

क्या है विवादित 'माई-बहिन योजना'?

मंत्री विजय कुमार चौधरी के अनुसार, हाल के दिनों में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं से "माई-बहिन योजना" का फॉर्म भरवाया जा रहा है। यह योजना किसी भी सरकारी स्तर पर स्वीकृत नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी योजना को पहले राज्य सरकार मंजूरी देती है, उसके बाद विभाग प्रक्रिया तय करता है और फिर सरकारी कर्मियों द्वारा लाभार्थियों से प्रपत्र भरवाया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया को दरकिनार कर ग्रामीण महिलाओं को झांसा देकर फॉर्म भरवाना धोखाधड़ी है।

महिलाओं के साथ धोखाधड़ी का आरोप

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की कम पढ़ी-लिखी महिलाएं ऐसे फर्जीवाड़े की चपेट में आसानी से आ जाती हैं। "माई-बहिन योजना" के नाम पर उनसे फॉर्म भरवाना उनके साथ सीधा अन्याय और धोखा है।उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई प्रभावी योजनाएं चलाई हैं, जिनकी वजह से महिलाओं में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि महागठबंधन के नेता छटपटा कर ऐसी साजिशों में जुटे हैं।

चुनावी सियासत और मंत्री का बयान

मंत्री ने कहा कि महागठबंधन के नेता यह मान चुके हैं कि आने वाले चुनाव में सत्ता तक पहुंचना उनके लिए असंभव है। इसी हताशा और निराशा में उन्होंने सही-गलत का फर्क भूलकर जनता को गुमराह करना शुरू कर दिया है।उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता जागरूक है और किसी भी तरह की ठगैती और झांसेबाजी से धोखा खाने वाली नहीं है।