Patna Druga puja 2025: महासप्तमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, नीतीश और सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना

Patna Druga puja: पटना में दुर्गा पूजा 2025 की भव्यता देखते ही बन रही है। महासप्तमी पर सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अलग-अलग पंडालों में जाकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और बिहारवासियों की समृद्धि की कामना की।

 Patna Druga puja
पटना के दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार- फोटो : social media

 Patna Druga puja: बिहार की राजधानी पटना में इस साल दुर्गा पूजा की भव्यता देखते ही बन रही है।महासप्तमी के मौके पर सभी पूजा पंडालों के पट खोल दिए गए।श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए।पुष्पांजलि अर्पित कर लोगों ने सुख, समृद्धि, शांति और ऐश्वर्य की कामना की।शहर के प्रमुख पंडालों में सुबह से ही भीड़ और उत्साह का माहौल देखा गया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दर्शन और आशीर्वाद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महासप्तमी पर राजधानी के कई प्रमुख पंडालों में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने खाजपुरा स्थित शिव मंदिर और श्री श्री दुर्गा आश्रम शेखपुरा में मां दुर्गा के दर्शन किए। पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इसके अलावा उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर आयोजित महाआरती में भी भाग लिया। इस दौरान उनके साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक संजीव चौरसिया और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी की पूजा

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के कई पंडालों में जाकर मां दुर्गा की आराधना की। उन्होंने ठाकुरबाड़ी, जगदेव पथ और बोरिंग रोड स्थित पंडालों का दौरा किया। वहां पर उन्होंने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इस अवसर पर उन्होंने बिहार के लोगों को शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। सम्राट चौधरी ने कहा कि माता रानी की कृपा से बिहारवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था

दुर्गा पूजा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।पुलिस बल और प्रशासनिक टीम ने प्रमुख पंडालों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।