Patna Fire News: पटना में आग का तांडव, कपूर और पूजा सामग्री के गोदाम में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी

Patna Fire News: पटना का दिल कहे जाने वाले व्यापारिक इलाके में उस वक्त कोहराम मच गया जब अचानक आग की भीषण लपटों ने पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया।

Patna Fire Chaos Marufganj Market Engulfed Panic Spreads
पटना में आग का तांडव- फोटो : reporter

Patna Fire News: पटना  का दिल कहे जाने वाले व्यापारिक इलाके में उस वक्त कोहराम मच गया जब अचानक आग की भीषण लपटों ने पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। यह दर्दनाक हादसा  मारुफगंज मंडी के मालसलामी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पूजा सामग्री और कपूर की दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में छोटी सी चिंगारी ने विकराल आग का रूप ले लिया। दुकान के अंदर रखे कपूर, धूप, तेल और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को और भी खतरनाक बना दिया। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरा गोदाम धुएं और आग के गुबार में तब्दील हो गया।

इलाके में जैसे ही आग की खबर फैली, अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें छोड़कर बाहर भागने लगे और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मालसलामी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार यूनिट मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत और घंटों की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी पूरी दुकान और गोदाम जलकर खाक हो चुके थे।इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि पूजा सामग्री और कपूर जैसे ज्वलनशील सामान के कारण आग ने बहुत तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा मारूफगंज मंडी इसकी चपेट में आ सकता था।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में फायर सेफ्टी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन धुएं और तबाही के निशान अभी भी साफ दिखाई दे रहे हैं।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार