Patna News: पटना GPO मल्टी मॉडल हब में अब लगेगा पार्किंग शुल्क, इस दिन से स्मार्ट सिस्टम से कटेगा टिकट

Patna News: पटना में GPO गोलंबर के पास बने मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से वाहन पार्क करने के लिए शुल्क देना होगा।...

Patna GPO Hub to Charge Parking Fee from October
मल्टी मॉडल हब में लगेगा पार्किंग शुल्क- फोटो : social Media

Patna News: पटना में GPO गोलंबर के पास बने मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से वाहन पार्क करने के लिए शुल्क देना होगा। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने हब और उससे जुड़े 440 मीटर लंबे सब-वे के संचालन एवं रखरखाव के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्किंग शुल्क की दर फिलहाल तय नहीं हुई है। इसे निर्धारित करने से पहले पटना जंक्शन, एयरपोर्ट और शहर के दूसरे प्रमुख पार्किंग स्थलों की दरों का अध्ययन किया जा रहा है।

मल्टी मॉडल हब की पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है। वाहन के प्रवेश करते ही सेंसर उसे डिटेक्ट करेगा। इसके बाद एएनपीआर कैमरा वाहन की नंबर प्लेट स्कैन करेगा और ऑटोमेटिक टिकट जनरेट हो जाएगा। टिकट बनने के बाद बूम बैरियर अपने आप खुल जाएगा।

नियमित रूप से वाहन खड़ा करने वाले लोगों के लिए मंथली पास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। हब में अलग-अलग स्तरों पर कार पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर छह कार और 32 बसें खड़ी हो सकेंगी। पहली मंजिल पर 67 तथा दूसरी और तीसरी मंजिल पर 76-76 कारों की पार्किंग होगी। इस तरह यहां एक साथ 225 कारों को खड़ा किया जा सकेगा।

दोपहिया वाहनों के लिए रोटरी तकनीक आधारित पार्किंग भी तैयार की जाएगी, जिसमें एक साथ 96 बाइक पार्क हो सकेंगी। पटना स्मार्ट सिटी की तीन स्थानों पर ऐसी पार्किंग विकसित करने की योजना है।

हब के संचालन के लिए हुई टेंडर प्रक्रिया में चार एजेंसियां तकनीकी रूप से योग्य पाई गई हैं। आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी और एजेंसी का चयन होगा। चयनित एजेंसी को पार्किंग के अलावा पूरे हब और सब-वे के संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी मिलेगी।हब में 4,763 वर्गफुट का रेस्तरां, पांच दुकानें, सब-वे में छह दुकानें, एटीएम और ईवी चार्जिंग स्टेशन की सुविधा भी विकसित की जा रही है। अक्टूबर से शुरू होने वाली व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े करने की समस्या कम होने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।

ब्यूरो रिपोर्ट