वकीलों के सबसे बड़े संघ में चुनावी बिगुल: 26 फरवरी को RO का होगा चयन, बीमार सदस्यों के लिए एसोसिएशन ने खोला मदद का पिटारा

पटना हाई कोर्ट के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ, एडवोकेट एसोसिएशन में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संघ का नया स्वरूप तय करने के लिए आगामी 26 फरवरी 2026 को आम सभा (General Body Meeting) बुलाई गई है, जिसमें चुनाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

वकीलों के सबसे बड़े संघ में चुनावी बिगुल: 26 फरवरी को RO का

Patna -: बिहार के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ, पटना हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव का रास्ता साफ होता दिख रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि बिहार स्टेट बार काउंसिल के पत्रों के आलोक में चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 26 फरवरी को आम सभा की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में चुनाव संपन्न कराने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी और निर्वाचन पदाधिकारी (RO) के नामों का चयन किया जाएगा।  

मार्च अंत या अप्रैल में मतदान की संभावना

एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में यह सहमति बनी है कि चुनाव ईद के बाद, यानी मार्च माह के अंत या अप्रैल के प्रथम सप्ताह में कराए जा सकते हैं। निर्वाचन पदाधिकारी के चयन के बाद चुनाव की आधिकारिक तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि इस प्रतिष्ठित संघ में सदस्यों की संख्या लगभग 10 हजार है, जो इसे राज्य का सबसे प्रभावशाली अधिवक्ता संगठन बनाती है। 

कल्याणकारी योजनाओं में बड़ा इजाफा

चुनाव की तैयारियों के बीच एसोसिएशन ने वकील सदस्यों के हित में दो बड़े और संवेदनशील निर्णय लिए हैं: जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं 

  • इलाज के लिए सहायता : यदि एसोसिएशन का कोई सदस्य गंभीर रूप से बीमार होता है, तो उसे इलाज के लिए तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

  • मृत्यु पर अनुग्रह राशि : सदस्य की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दिया गया है। 

  • वर्तमान नेतृत्व
    वर्तमान में इस एसोसिएशन की कमान अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह और महासचिव जय शंकर प्रसाद सिंह के हाथों में है। आम सभा में लिए जाने वाले निर्णयों पर अब पूरे कानूनी गलियारे की नजरें टिकी हुई हैं।