Patna Crime News: जितनछपरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झोपड़ी में छिपाकर रखा हथियार बरामद
रानीतालाब थाना क्षेत्र के जितनछपरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर भूसे के ढेर से अवैध कट्टे और कारतूस बरामद किए हैं। इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी प्रभु यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
पटना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीतालाब थाना क्षेत्र के जितनछपरा गांव में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि गांव का एक व्यक्ति अपने दलान में अवैध हथियार छिपाकर रखता है और बंदूक के बल पर स्थानीय लोगों के बीच भय व दहशत का माहौल पैदा कर रहा है।
पालीगंज SDPO-02 की अगुवाई में बनी विशेष रेडिंग टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO), पालीगंज-02 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। रानीतालाब थानाध्यक्ष की मौजूदगी वाली इस पुलिस टीम ने बिना कोई समय गंवाए चिन्हित ठिकाने पर पूरी तैयारी के साथ दबिश दी।
झोपड़ीनुमा दलान में भूसे से निकले कट्टे और खोखे
पुलिस टीम ने जितनछपरा निवासी आरोपी प्रभु यादव के झोपड़ीनुमा दलान में गहन तलाशी ली। इस दौरान वहां रखे भूसे के ढेर के भीतर छिपाकर रखा गया एक प्लास्टिक का थैला बरामद हुआ। थैले की जांच करने पर पुलिस को उसके अंदर से 1 चालू देशी कट्टा, 1 टूटा हुआ देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस और 2 कारतूस के खोखे बरामद हुए।
आरोपी प्रभु यादव फरार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
छापेमारी के समय मुख्य आरोपी प्रभु यादव पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पालीगंज एसडीपीओ-02 के अनुसार, पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट