Punpun bridge: इंतजार खत्म! पुनपुन को मिला नया तोहफा, अब 320 मीटर लंबे झूला पुल से होगी आवाजाही

Punpun bridge:पटना के पास पुनपुन शहर में बन रहा आधुनिक केबल सस्पेंशन ब्रिज अब अंतिम चरण में है।

Punpun bridge
पुनपुन को मिला नया तोहफा- फोटो : social Media

Punpun bridge:पटना के पास पुनपुन शहर में बन रहा आधुनिक केबल सस्पेंशन ब्रिज अब अंतिम चरण में है। ऋषिकेश के प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला की तर्ज पर तैयार हो रहा यह पुल महज कुछ ही दिनों में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। करीब 320 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण कार्य 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है और अब अंतिम औपचारिकताएँ ही बाकी हैं।

पथ निर्माण विभाग के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव 31 अगस्त 2019 को रखी गई थी। शुरुआती लागत 46 करोड़ 77 लाख रुपये आंकी गई थी, लेकिन समय के साथ यह बढ़कर 82 करोड़ 99 लाख रुपये तक पहुंच गई। विभागीय मंत्री नितीन नवीन ने इसे “आधुनिक इंजीनियरिंग का शानदार नमूना” बताते हुए दावा किया कि यह पुल न केवल पुनपुन के विकास की तस्वीर बदल देगा, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।

इस पुल के चालू होते ही पिंडदान स्थल तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। श्रद्धालुओं को नदी पार करने में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा, जबकि व्यापारियों और स्थानीय लोगों के लिए यह पुल आर्थिक गतिविधियों की नई राह खोलेगा। यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार होगा, क्योंकि इससे शहर की सड़कों पर रोजाना लगने वाला जाम काफी हद तक कम हो जाएगा।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से इस पुल का इंतजार था और अब उनके सपनों को साकार होने में बस कुछ दिन बाकी हैं। पुनपुन का यह नया सस्पेंशन ब्रिज न केवल बुनियादी ढांचे की तस्वीर बदलेगा बल्कि बिहार के विकास की कहानी में भी स्वर्णाक्षर जोड़ देगा।