पवन सिंह का बड़ा खुलासा, प्यार का इजहार करने में लगे थे डेढ़ साल, फिर भी नहीं चला रिश्ता, बोले- इन 2 एक्ट्रेस संग कभी काम नहीं करूंगा
Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने चर्चित शो भोजपुरी बवाल में अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प राज खोल रहे हैं।...
Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने चर्चित शो भोजपुरी बवाल में अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प राज खोल रहे हैं। जन्नत जुबैर के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के एक ऐसे रिश्ते का जिक्र किया, जिसे लेकर उन्होंने बताया कि किसी खास इंसान के सामने अपने दिल की बात कहने में उन्हें करीब डेढ़ साल लग गए थे। हालांकि, इतना लंबा वक्त लेने और रिश्ते को लेकर गंभीर रहने के बावजूद यह रिश्ता ज्यादा दूर तक नहीं चल सका।
पवन सिंह ने बातचीत में यह भी कहा कि उनकी जिंदगी में ऐसे अनुभव रहे हैं, जिनका असर आज भी उनके फैसलों पर दिखाई देता है। उन्होंने रिश्तों को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए संकेत दिया कि कई बार इंसान पूरी कोशिश करने के बावजूद किसी रिश्ते को बचा नहीं पाता।
इसी बातचीत के दौरान पवन सिंह ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर भी एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री की दो ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिनके साथ वह ‘मरते दम तक’ काम नहीं करेंगे। हालांकि, पवन सिंह ने दोनों अभिनेत्रियों के नाम का खुलासा नहीं किया।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। वीडियो सामने आते ही यूजर्स ने अपने-अपने कयास लगाने शुरू कर दिए। कई कमेंट्स में लोगों ने पवन सिंह के पुराने विवादों और चर्चित को-स्टार्स को जोड़कर सवाल पूछे। एक यूजर ने सीधे लिखा ‘एक अक्षरा सिंह, दूसरी कौन है भइया?’
हालांकि, पवन सिंह ने अपने बयान में किसी अभिनेत्री का नाम नहीं लिया है, इसलिए सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे कयासों को तथ्य नहीं माना जा सकता। फिलहाल उनके इस बयान ने भोजपुरी इंडस्ट्री में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।
पवन सिंह का यह अंदाज उनके फैंस के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात करने से बचते रहे हैं। लेकिन ‘भोजपुरी बवाल’ में उनके लगातार हो रहे खुलासे अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके रिश्ते से लेकर इंडस्ट्री के साथियों तक, पवन सिंह के हर बयान पर फैंस की नजर बनी हुई है।