Airport News: 'भगवान भरोसे एयरलाइंस', गुवाहाटी-पटना स्पाइसजेट फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, उड़ान भरने से पहले रद्द, 250 यात्रियों में मचा हड़कंप
Airport News: गुवाहाटी-पटना स्पाइसजेट फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान गुवाहाटी से उड़ान नहीं भरी। यात्रियों को अचानक सूचित कर दिया गया कि विमान रद्द हो गई है। जिसके बाद एयरपोर्ट पर भारी हंगामा हुआ...

Airport News: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद हर दिन विमानों में तकनीकी खराबी की खबरें सामने आ रही है। कई विमानों को रद्द भी किया जा रहा। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। जहां गुवाहाटी- पटना स्पाइसजेट फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण रद्द कर दिया गया। जिससे 150 यात्री फंसे रह गए। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। यात्रियों को वहीं रुकना पड़ा।
तकनीकी खराबी के कारण नहीं उड़ा विमान
मिली जानकारी अनुसार गुवाहाटी से पटना आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 3445 तकनीकी खराबी के चलते रविवार को उड़ान नहीं भर सकी। विमान को गुवाहाटी एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया। जिससे करीब 150 यात्री पटना नहीं आ सके। सुबह से ही यात्रियों की भीड़ एयरपोर्ट पर मौजूद थी लेकिन उड़ान रद्द होने की सूचना अचानक सुबह 10 बजे दी गई।
एयरपोर्ट पर भारी हंगामा
बोर्डिंग पास जारी हो जाने के बावजूद विमान के रद्द होने की सूचना ने यात्रियों को नाराज़ कर दिया। उन्होंने गुवाहाटी एयरपोर्ट पर जमकर विरोध जताया और एयरलाइंस से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें दूसरी फ्लाइट से भेजने की मांग पर एयरलाइंस ने कोई ध्यान नहीं दिया।
पटना से गुवाहाटी जाने वाले 110 यात्री भी प्रभावित
इस फ्लाइट के रद्द होने का असर पटना से गुवाहाटी जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। करीब 110 यात्री पटना एयरपोर्ट पर इंतजार करते रह गए। फ्लाइट SG 3445 को गुवाहाटी से सुबह 11:30 बजे उड़ान भरनी थी और पटना 12:10 बजे पहुंचना था, जबकि पटना से गुवाहाटी वापसी की उड़ान दोपहर 12:40 बजे निर्धारित थी।
तकनीकी खराबी पर नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
फ्लाइट क्यों रद्द की गई इस बारे में एयरलाइंस की ओर से कोई स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ “तकनीकी खराबी” का हवाला दिया गया लेकिन इस खराबी की प्रकृति क्या थी इसका खुलासा नहीं हुआ।
यात्रियों का सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
फ्लाइट कैंसिल होने और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से नाराज़ यात्री सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उनकी कोई मदद नहीं की। न खाने-पीने की व्यवस्था की गई, न ठहरने की। लोगों ने कहा कि उन्हें “भगवान भरोसे छोड़ दिया गया”।
एविएशन सेक्टर की लापरवाही पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर भारत में एविएशन सेक्टर की तैयारियों और आपात स्थितियों में यात्रियों के प्रति रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को न केवल मानसिक और आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि एयरलाइंस की जिम्मेदारी पर भी बहस तेज हो गई है। यात्रियों ने DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस मामले की जांच और एयरलाइंस पर कार्रवाई की मांग की है।