Bihar Politics: तेजस्वी होंगे महागठबंधन के सीएम फेस! बैठक के पहले बड़े कांग्रेस नेता ने कर दिया इशारा
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन की चौथी और सबसे अहम बैठक चल रही है। बैठक के पहले कांग्रेस नेता ने बड़ा बयान दे दिया है।

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज है। सभी पार्टियां तैयारियों में जुटे हुए हैं। गठबंधनों में बैठकों की दौर शुरु हो गई है। चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। साथ ही अपनी अपनी पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत भी की जा रही है। इसी कड़ी में आज महागठबंधन की चौथी बैठक होनी है। यह बैठक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर होगी। आज की बैठक अहम मानी जा रही है क्योंकि इस बैठक में महागठबंधन के नेता चुनावी रणनीति को अंतिम रुप दे सकते हैं। वहीं बैठक में शामिल होने के लिए तमाम नेता तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर पहुंचे। जहां बैठक जारी है।
समय आने पर सब कुछ होगा स्पष्ट
बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक में कई अहम प्रस्ताव रखे जाएंगे, जिन पर निर्णय लिया जाएगा। सीट बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि "इंतजार कीजिए, सब कुछ फॉर्मूले के तहत होगा।" वहीं मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेश कुमार ने कहा कि, "देखिए, सबको सब पता है। समय आने पर सब कुछ स्पष्ट कर दिया जाएगा। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मिलकर भाजपा और उसके गठबंधन की सरकार को हटाएंगे।"
तेजस्वी होंगे सीएम उम्मीदवार
इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने भी स्पष्ट संकेत दिया कि महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ही होंगे। उन्होंने कहा कि, "सभी को सब कुछ पता है। सच की जीत होगी। हम लोग पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेंगे और बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी समय पर दी जाएगी।" शकील अहमद खान ने भाजपा और उनके गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि, "बिहार में जो दो बड़का झूठा पार्टी सत्ता में हैं, उन्हें यहां से हटाना है।"
NDA को करारी मात देने की तैयारी
बैठक में एनडीए सरकार को किन मुद्दों पर घेरा जाए, इस पर भी विस्तृत विचार-विमर्श होगा। साथ ही बूथ स्तर पर सहयोगी दलों में समन्वय को लेकर रणनीति बनाई जाएगी, ताकि गठबंधन की जमीनी पकड़ मजबूत हो। बैठक में महागठबंधन के प्रमुख दलों के शीर्ष नेता शामिल हैं। राजद की ओर से तेजस्वी यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी, संजय यादव, आलोक मेहता और रणविजय साहू। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, विधायक दल नेता शकील अहमद खान और डॉ. मदन मोहन झा। भाकपा माले की ओर से कुणाल, धीरेंद्र झा, राजाराम सिंह। CPM की ओर से ललन चौधरी, अजय कुमार और अवधेश कुमार CPI की ओर से रामनरेश पांडेय, रामबाबू कुमार और अजय कुमार सिंह और VIP की ओर से पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी बैठक में शामिल हैं।
पटना से रंजन की रिपोर्ट